मुंबई: धुरंधर द रिवेंज इन दिनों सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है. फिल्म ने रिलीज के बाद से ही शानदार प्रदर्शन किया है और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में तेजी से ऊपर चढ़ रही है. फिल्म ने अपने 9वें दिन ही 700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने 10वें दिन यानी दूसरे शनिवार को 62.85 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की. इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 778.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह उछाल दिखाता है कि दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज अभी भी बरकरार है और वीकेंड पर इसे भारी फायदा मिल रहा है.
फिल्म सिर्फ हिंदी में ही नहीं बल्कि दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. तेलुगू वर्जन से 3 करोड़, तमिल से 1.40 करोड़, कन्नड़ से 0.30 करोड़ और मलयालम से 0.15 करोड़ की कमाई दर्ज की गई है.इससे साफ है कि फिल्म को पूरे देश में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है.
अब सबकी नजर RRR के रिकॉर्ड पर है. इस फिल्म का लाइफटाइम इंडिया नेट कलेक्शन 782.20 करोड़ रुपये रहा था. धुरंधर 2 इस आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुकी है और मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म जल्द ही इस रिकॉर्ड को पार कर लेगी.
धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जबकि इसके पेड प्रीमियर 18 मार्च को रखे गए थे. रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन, राकेश बेदी और कई अन्य कलाकार नजर आ रहे हैं. सभी कलाकारों की दमदार एक्टिंग ने फिल्म को और मजबूत बनाया है.
फिल्म की कहानी एक अंडरकवर एजेंट जसकीरत सिंह रंगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हमजा अली मजारी के नाम से अपराध की दुनिया में घुस जाता है. यह कहानी उसके पावरफुल बनने के सफर को दिखाती है, जहां वह अपराध की दुनिया में अपना दबदबा कायम करता है. पहले पार्ट में रहमान डकैत को खत्म करने के बाद अब उसका किरदार और भी ज्यादा खतरनाक और प्रभावशाली नजर आता है.