menu-icon
India Daily

'बच्चे घुटन महसूस कर रहे हैं...', मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने जताई चिंता

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने चिंता जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर शहर के खराब AQI का स्क्रीनशॉट साझा कर अधिकारियों से नागरिकों की सेहत के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की.

Anuj
Edited By: Anuj
'बच्चे घुटन महसूस कर रहे हैं...', मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने जताई चिंता

मुंबई: गुरुवार सुबह कई इलाकों में धुंध और प्रदूषण की मोटी परत देखी गई, जिससे दृश्यता कम हो गई और लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई. इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने शहर की बिगड़ती हवा को लेकर चिंता जताई है.

उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई करने की अपील की. दीपिका का कहना है कि खराब हवा का असर सबसे ज्यादा बच्चों और आम नागरिकों की सेहत पर पड़ रहा है.

दीपिका ने जताई चिंता

दीपिका पादुकोण ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मुंबई के एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्क्रीनशॉट साझा किया. इसमें शहर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक दिखाई दे रहा था. अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इस शहर के नागरिक और बच्चे घुटन महसूस कर रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी स्थिति को सामान्य कैसे माना जा सकता है.

नगर निगम से की कार्रवाई की मांग

दीपिका ने अपनी पोस्ट में बृहन्मुंबई महानगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग को भी टैग किया. उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे इस गंभीर समस्या को हल करने के लिए तुरंत कदम उठाएं. हालिया आंकड़ों के अनुसार, मुंबई का AQI 159 दर्ज किया गया है, जिसे खराब श्रेणी में रखा जाता है.

अभिनेत्री सैयामी खेर ने भी उठाई आवाज

दीपिका से पहले अभिनेत्री सैयामी खेर और ऋचा चड्ढा भी मुंबई की खराब हवा पर चिंता जता चुकी हैं. सैयामी ने लिखा कि वह वर्षों से सुबह दौड़ने जाती रही हैं, लेकिन अब उन्हें मास्क पहनकर दौड़ना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति उन्हें महामारी के दिनों की याद दिलाती है.

ऋचा चड्ढा ने जताया अफसोस

अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मुंबई की खराब हवा को मानवीय लापरवाही बताया. उनका कहना था कि यह समस्या इंसानों की वजह से पैदा हुई है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी अफसोस जताया कि इस मुद्दे पर ज्यादा प्रभावशाली लोग खुलकर बात नहीं कर रहे हैं.

दीपिका की आने वाली फिल्में

काम की बात करें तो दीपिका पादुकोण जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की फिल्म किंग में नजर आएंगी. इस फिल्म में शाहरुख खान, सुहाना खान, जयदीप अहलावत, सौरभ शुक्ला और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसके अलावा दीपिका निर्देशक एटली की एक साइंस फिक्शन एक्शन फिल्म में भी नजर आएंगी, जिसमें अल्लू अर्जुन मुख्य भूमिका में होंगे.