मुंबई: हॉलीवुड के सबसे बड़े अवॉर्ड समारोह ऑस्कर 2026 का आयोजन 15 मार्च को अमेरिका के लॉस एंजिल्स स्थित डॉल्बी थिएटर में हुआ. इस समारोह में दुनिया भर के कई बड़े सितारे शामिल हुए. भारत से प्रियंका चोपड़ा और ईशा अंबानी के समारोह में पहुंचने की जानकारी पहले ही सामने आ चुकी थी. प्रियंका चोपड़ा ने समारोह के दौरान अवॉर्ड भी प्रस्तुत किया. इसी बीच सोशल मीडिया पर दीपिका पादुकोण की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं. इन तस्वीरों में एक्ट्रेस रेड कार्पेट पर नजर आ रही हैं.
वायरल तस्वीरों में दीपिका पादुकोण को लाल रंग का स्ट्रैपलेस गाउन पहने देखा जा सकता है. इसके साथ उन्होंने एक खूबसूरत नेकलेस भी पहना हुआ है. एक तस्वीर में वह हॉलीवुड एक्ट्रेस एम्मा स्टोन से बातचीत करती हुई भी नजर आ रही हैं. इन तस्वीरों को देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स को लगा कि दीपिका पादुकोण भी ऑस्कर 2026 में शामिल हुई थीं. कई लोगों ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्हें रेड कार्पेट क्वीन तक बता दिया.
हालांकि बाद में इन तस्वीरों की सच्चाई सामने आ गई. फैक्ट चेक में पता चला कि दीपिका पादुकोण की ये तस्वीरें असली नहीं हैं. ये सभी तस्वीरें एआई तकनीक की मदद से बनाई गई हैं. तस्वीरें इतनी परफेक्ट तरीके से तैयार की गई थीं कि पहली नजर में यह असली लग रही थीं. इसी वजह से कई इंटरनेट यूजर्स भ्रमित हो गए और उन्हें लगा कि एक्ट्रेस वास्तव में ऑस्कर समारोह में मौजूद थीं.
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब दीपिका पादुकोण का नाम ऑस्कर से जुड़ा है. साल 2023 में एक्ट्रेस ऑस्कर समारोह में शामिल हुई थीं. उस समय उन्होंने फिल्म आरआरआर के मशहूर गाने नाटू नाटू की लाइव परफॉर्मेंस को इंट्रोड्यूस किया था. उस दौरान दीपिका ने काले रंग का शानदार गाउन पहना था और उनका लुक काफी चर्चा में रहा था.
ऑस्कर 2026 में इस बार किसी भी भारतीय फिल्म को नॉमिनेशन नहीं मिला. हालांकि फिल्म होमबाउंड टॉप 15 शॉर्टलिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रही थी. इसके बावजूद यह फिल्म अंतिम नॉमिनेशन तक नहीं पहुंच सकी. फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रही दीपिका पादुकोण की तस्वीरें एआई से बनाई गई बताई जा रही हैं, इसलिए इन पर भरोसा करने से पहले फैक्ट चेक करना जरूरी है.