मुंबई: क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स 2026 इस साल अपने आठवें संस्करण में एक बार फिर कंटेंट आधारित सिनेमा का जश्न बनकर सामने आया है. इस अवॉर्ड नाइट की सबसे बड़ी विजेता रही Homebound, जिसने कई अहम कैटेगरी में जीत हासिल की. फिल्म के निर्देशक नीरज घेवान को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला, जबकि विशाल जेठवा ने बेस्ट एक्टर का खिताब अपने नाम किया. साथ ही शालिनी वत्स को सपोर्टिंग रोल के लिए सम्मानित किया गया.
फीचर फिल्म कैटेगरी में इस बार अलग तरह की कहानियों को सम्मान मिला. प्रियंका बोस ने फिल्म आगरा के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता. वहीं पसुपति को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला. यह साफ दिखाता है कि इस साल दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने गहराई वाली परफॉर्मेंस को सराहा है.
ओटीटी प्लेटफॉर्म का दबदबा इस साल भी साफ नजर आया. ब्लैक वारंट को बेस्ट वेब सीरीज का अवॉर्ड मिला. इसके निर्देशन के लिए विक्रमादित्य मोटवाने और उनकी टीम को सम्मानित किया गया. वहीं जयदीप अहलावत ने Paatal Lok Season 2 के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीता. मोनिका पंवार को खौफ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया. सपोर्टिंग कैटेगरी में राहुल भट्ट और तिलोत्तमा शोम को भी सम्मान मिला.
इस साल शॉर्ट फिल्मों ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई. Maaybaapache Aashirwaad ने कई अवॉर्ड अपने नाम किए, जिसमें बेस्ट फिल्म और बेस्ट डायरेक्टर शामिल हैं. डॉक्यूमेंट्री कैटेगरी में I Poppy को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री का अवॉर्ड मिला. यह दर्शाता है कि अब दर्शक और क्रिटिक्स दोनों ही नॉन फिक्शन और छोटे फॉर्मेट के कंटेंट को भी गंभीरता से लेने लगे हैं.
इस साल का खास सम्मान दिग्गज अदाकारा फरीदा जलाल को सिनेमा में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया गया. इसके अलावा लिंग संवेदनशीलता अवॉर्ड फिल्म स्थल को मिला, जिसने सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया.
क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स 2026 ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अब सिनेमा का असली हीरो कंटेंट है. होमबाउंड की गहराई, ब्लैक वारंट की कहानी और पाताल लोक सीजन 2 के किरदार यह दिखाते हैं कि दर्शकों का स्वाद बदल रहा है. अब सिर्फ बड़े बजट या स्टार पावर नहीं, बल्कि कहानी और अभिनय ही सफलता का असली पैमाना बनते जा रहे हैं.