मुंंबई: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनावपूर्ण संघर्ष के बीच बॉलीवुड में एक नई बहस छिड़ गई है. अभिनेता बोमन ईरानी ने डोनाल्ड ट्रंप पर एक हल्का-फुल्का व्यंग्यात्मक वीडियो शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया. लेकिन ईरानी अभिनेत्री मंदाना करीमी ने इस वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी और बोमन ईरानी पर सवाल उठाया.
बोमन ईरानी ने अपने इंस्टाग्राम रील में ट्रंप के 'ईरानियों' से बात करने वाले बयान पर मजाक किया. उन्होंने कहा कि ट्रंप अगर बातचीत करना चाहते हैं तो स्मृति इरानी, अरुणा इरानी और खुद बोमन इरानी से कर सकते हैं. बोमन ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मैं शांति के लिए कुछ भी करने को तैयार हूं, लेकिन वाशिंगटन नहीं जाऊंगा. ट्रंप साहब और उनकी टीम को दादर पारसी कॉलोनी आना चाहिए. हम उन्हें ढांसाक, कस्टर्ड खिलाएंगे. लेकिन अगर वे गैस सिलेंडर लाएं तो सबके लिए जीवन आसान हो जाएगा.'
यह वीडियो लाखों व्यूज पा चुका है. तब्बू, समीरा रेड्डी और जावेद जाफरी समेत कई सेलिब्रिटी ने इसे हंसकर पसंद किया. लेकिन मंदाना करीमी को यह मजाक बिल्कुल पसंद नहीं आया.
उन्होंने कमेंट में लिखा – 'बोमन ईरानी सर… अचानक ईरान पर आपको बहुत कुछ कहना है. टाइमिंग तो काफी इंटरेस्टिंग है. सालों से ईरानियों को गिरफ्तार किया जा रहा है, फांसी दी जा रही है, उनकी आवाज दबाई जा रही है. हजारों लोग मारे गए, परिवार बिखर गए. हम जैसे लोगों ने इसे जिया है और इसके बारे में बोलते रहे. लेकिन अब अचानक एक वीडियो आ गया. अब चिंता जागी. अब गैस, ट्रंप और 'मेरे घर आओ' पर मजाक हो रहा है. सर, सम्मान के साथ कह रही हूं – आप और पारसी समुदाय ईरान से आते हैं. आपके पास वो इतिहास है, वो आग है. तो जब ईरानी मर रहे थे तब ये आवाज कहां थी? अब अचानक क्योंकि गैस, राजनीति और ग्लोबल बातचीत का मुद्दा बन गया तो कमेंट्री शुरू हो गई? स्लो क्लैप. चुप्पी से व्यंग्य तक का सफर तो बहुत तेज था. बस एक ऑब्जर्वेशन…'
मंदाना करीमी ईरान की मौजूदा स्थिति पर पहले भी खुलकर बोलती रही हैं. वे ईरानी रिजीम की आलोचना करती हैं और आम ईरानियों की तकलीफ को अपनी बातों में जगह देती हैं. इस बार उन्होंने बोमन पर 'सिलेक्टिव' होने का आरोप लगाया. बोमन ईरानी का वीडियो शांति का संदेश देने की कोशिश में बनाया गया था, लेकिन मंदाना का कमेंट इस बात पर जोर देता है कि गंभीर मुद्दों पर हल्का-फुल्का मजाक सही नहीं होता, खासकर जब आम लोगों की जान जा रही हो. सोशल मीडिया पर दोनों तरफ की राय आ रही है.