मुंबई: दुनिया की सबसे मशहूर फैंटेसी दुनिया हैरी पॉटर एक बार फिर नए अंदाज में लौटने जा रही है. 25 मार्च को इस नई टीवी सीरीज़ का पहला प्रोमो रिलीज किया गया और आते ही सोशल मीडिया पर इसने बहस छेड़ दी. इस प्रोमो में नए कलाकार डोमिनिक मैकलॉघलिन को हैरी पॉटर के रूप में दिखाया गया. उनके साथ हर्माइनी ग्रेंजर के रोल में अरेबेला स्टैंटन और रॉन वीजली के रूप में एलास्टेयर स्टाउट नजर आए.
प्रोमो रिलीज होते ही इंटरनेट पर फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई. कुछ लोगों ने सीरीज की डिटेलिंग, सेट और म्यूज़िक की जमकर तारीफ की. कई फैंस का कहना है कि इस बार कहानी को किताबों के ज्यादा करीब दिखाया गया है, जिससे इसे एक नया और गहरा अनुभव मिल सकता है. वहीं दूसरी तरफ कई फैंस अब भी पुराने हैरी पॉटर को ही असली मानते हैं. खास तौर पर डेनियल रैडक्लिफ की परफॉर्मेंस को लेकर लोगों के दिलों में गहरी जगह है. यही वजह है कि नए कलाकारों को स्वीकार करना कुछ दर्शकों के लिए मुश्किल लग रहा है.
फैंस के कमेंट्स में साफ दिख रहा है कि लोग इस नई सीरीज को पुरानी फिल्मों से तुलना कर रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रोमो उन्हें पुरानी यादों में ले गया, जबकि कुछ का मानना है कि असली जादू तो पहले ही बन चुका है. कई यूजर्स ने लिखा कि वे नए कलाकारों को मौका देना चाहते हैं, लेकिन पुराने किरदारों की छवि इतनी मजबूत है कि उन्हें अलग नजर से देख पाना आसान नहीं है.
नई सीरीज की कास्टिंग भी चर्चा का बड़ा कारण बनी हुई है. हैरी, हर्माइनी और रॉन के अलावा कई बड़े किरदारों के लिए भी नए चेहरे सामने आए हैं. एल्बस डंबलडोर के रूप में जॉन लिथगो, सेवरस स्नेप के रोल में पापा एस्सीडू और रूबियस हैग्रिड के रूप में निक फ्रॉस्ट नजर आएंगे. इन कास्टिंग फैसलों ने दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है.