menu-icon
India Daily

Bigg Boss 20 Final Contestants: बिग बॉस 20 का घर हुआ फुल! कनिका से माही विज तक, सामने आई पूरी लिस्ट

Bigg Boss 20 की कंटेस्टेंट लिस्ट अब पूरी हो चुकी है. सलमान खान के शो में टीवी, फिल्म, भोजपुरी सिनेमा, सोशल मीडिया, म्यूजिक और स्पोर्ट्स की दुनिया से जुड़े कुल 17 कंटेस्टेंट्स ने एंट्री ली है. कनिका मान शो की पहली कंटेस्टेंट बनीं, जबकि माही विज ने आखिरी कंटेस्टेंट के तौर पर घर में कदम रखा.

babli
Edited By: Babli Rautela
Bigg Boss 20 Final Contestants: बिग बॉस 20 का घर हुआ फुल! कनिका से माही विज तक, सामने आई पूरी लिस्ट
Courtesy: India Daily

सलमान खान एक बार फिर बिग बॉस के नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौट चुके हैं. बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर में एक के बाद एक कई चर्चित चेहरों ने शो में एंट्री ली. टीवी और फिल्मों से लेकर भोजपुरी सिनेमा, म्यूजिक, सोशल मीडिया और स्पोर्ट्स तक अलग अलग क्षेत्रों से जुड़े कंटेस्टेंट्स इस बार बिग बॉस के घर का हिस्सा बने हैं.

शो में कुल 17 कंटेस्टेंट्स की एंट्री हुई है. कनिका मान पहली कंटेस्टेंट बनीं, जबकि माही विज ने आखिरी सदस्य के तौर पर घर में कदम रखा. आइए जानते हैं बिग बॉस 20 के सभी कंटेस्टेंट्स के बारे में.

1. कनिका मान

कनिका मान बिग बॉस 20 में एंट्री लेने वाली पहली कंटेस्टेंट बनीं. वह हाल ही में नागिन 7 को लेकर चर्चा में रही हैं. उन्होंने शो के मंच पर शरारत गाने पर डांस करते हुए एंट्री की. सलमान खान ने कनिका के टीवी और फिल्मी काम की तारीफ की. घर में पहुंचने के बाद बिग बॉस ने उन्हें एक खास पावर भी दी. उन्हें पपेट मास्टर बनाया गया, जिसके तहत उनके बाद घर में आने वाले कंटेस्टेंट्स कठपुतली की भूमिका में रहने वाले थे.

2. आसिफ खान

मिर्जापुर में बाबर का किरदार निभा चुके एक्टर आसिफ खान बिग बॉस 20 के दूसरे कंटेस्टेंट बने. उन्होंने सलमान खान को बताया कि वह उनकी फिल्म रेडी में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं.

3. काजी अहमद तौकीर

अफगान जलेबी गाने से पहचान बनाने वाले सिंगर काजी अबरार ने शो में तीसरे कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की. उन्होंने सलमान खान को बताया कि वह कई साल पहले कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में उनके साथ परफॉर्म कर चुके हैं.

4. ईशा रिक्खी

पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिक्खी ने चौथे कंटेस्टेंट के रूप में बिग बॉस के घर में एंट्री की. मंच पर उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और रिश्ते से जुड़े अनुभवों पर बात की.

5. आम्रपाली दुबे

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे पांचवीं कंटेस्टेंट बनकर शो में पहुंचीं. उन्होंने बात बन जाए गाने पर परफॉर्मेंस दी और सलमान खान के सामने अपना परिचय दिया.

6. रोहेद खान

ऑस्ट्रियाई एक्टर और मॉडल रोहेद खान भी इस सीजन का हिस्सा बने हैं. उन्होंने सलमान खान के साथ टाइगर जिंदा है में काम किया है.

7. लव गिल

पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल ने भी बिग बॉस 20 के घर में एंट्री ली है. उनके आने से शो में पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा.

8. मैरी कॉम

पूर्व बॉक्सर और ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम ने भी बिग बॉस के घर में कदम रखा. शो के मंच पर उन्होंने सलमान खान से बातचीत की और दोनों ने अपनी पहली मुलाकात से जुड़ी यादें साझा कीं. मैरी कॉम के लिए प्रियंका चोपड़ा की ओर से भी एक खास संदेश आया. प्रियंका ने फिल्म मैरी कॉम में उनकी भूमिका निभाई थी.

9. यंग DSA

रैपर यंग DSA भी बिग बॉस 20 का हिस्सा बने हैं. उन्होंने सलमान खान को बताया कि वह यरवडा से हैं. इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में उनसे पूछा कि क्या वह किसी गैंग का हिस्सा रहे हैं. यंग DSA ने साफ किया कि वह किसी गैंग से जुड़े नहीं हैं.

10. स्काउट

गेमर और डिजिटल क्रिएटर स्काउट, जिनका असली नाम तन्मय है, ने भी बिग बॉस के घर में एंट्री की. सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है.

11. सैयद अरिशफा खान

सोशल मीडिया स्टार सैयद अरिशफा खान ने भी शो में एंट्री ली. उन्होंने सलमान खान को बताया कि सोशल मीडिया पर उनके 29 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.

12. अमन गांधी

टीवी एक्टर अमन गांधी ने बिग बॉस 20 में एंट्री की. उन्हें क्योंकि सास भी कभी बहू थी में ऋतिक विरानी का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है. शो में सलमान खान ने उनके टीवी करियर और लंबे अनुभव का जिक्र करते हुए उनका स्वागत किया.

13. कुशल तंवर

कुशल तंवर भी इस सीजन के कंटेस्टेंट्स में शामिल हैं. बिग बॉस के घर में उनकी एंट्री ने शो की कंटेस्टेंट लिस्ट को और विविध बना दिया है.

14. उदिति सिंह

एक्ट्रेस उदिति सिंह ने एक गाने पर डांस परफॉर्मेंस के साथ शो में एंट्री ली. सलमान खान ने उनकी तुलना को लेकर भी मजाक किया, क्योंकि उदिति ने बताया कि लोग कई बार उनकी तुलना करीना कपूर से करते हैं. उदिति हिमेश रेशमिया के साथ सुरूर में भी नजर आ चुकी हैं.

15. रीति तिवारी

भोजपुरी एक्टर और राजनेता मनोज तिवारी अपनी बेटी रीति तिवारी का स्वागत करने के लिए शो के मंच पर पहुंचे. मनोज तिवारी ने अपने लोकप्रिय गाने रिंकिया के पापा पर परफॉर्म भी किया. उन्होंने बताया कि रीति उनकी पहली शादी से हुई बेटी हैं. रीति ने इसके बाद बिग बॉस के घर में प्रवेश किया.

16. माही विज

माही विज ने शो में 16वीं और आखिरी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली. उन्होंने छलिया गाने पर परफॉर्म करते हुए बिग बॉस के मंच पर कदम रखा.

बिग बॉस ने माही को दी खास चुनौती

घर में प्रवेश के बाद बिग बॉस ने माही को तथास्तु वरदान से जुड़ी एक खास बात बताई और उन्हें एक कंटेस्टेंट को बाहर करने के लिए कहा. हालांकि, कुछ देर बाद बिग बॉस ने साफ कर दिया कि यह सिर्फ मजाक था और माही को घर में अपने पहले दिन का आनंद लेने के लिए कहा.

बिग बॉस 20 की सबसे खास बात इसकी कंटेस्टेंट लिस्ट है. टीवी कलाकारों से लेकर फिल्म एक्टर्स, भोजपुरी सितारों, सोशल मीडिया क्रिएटर्स, रैपर, सिंगर और स्पोर्ट्स से जुड़े चेहरे तक इस सीजन में नजर आ रहे हैं. अब देखना होगा कि इन 17 कंटेस्टेंट्स में से कौन दर्शकों का दिल जीतता है और कौन बिग बॉस के घर में अपने गेम से सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरता है.