menu-icon
India Daily

भाई पर टिप्पणी बनी हत्या की वजह, इंदौर में ननद ने भाभी को चाकू से मारा; टंकी में छिपाया शव

इंदौर में रक्षा बंधन के दिन भाई पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज महिला ने अपनी भाभी की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
भाई पर टिप्पणी बनी हत्या की वजह, इंदौर में ननद ने भाभी को चाकू से मारा; टंकी में छिपाया शव
Courtesy: Pinterest

मध्य प्रदेश के इंदौर में रिश्तों को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, रक्षा बंधन के मौके पर भाई को लेकर की गई कथित टिप्पणी से नाराज एक महिला ने अपनी भाभी की जान ले ली. वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस और परिवार को गुमराह करने की कोशिश की. उसने शव को घर के बाहर बने पानी के टैंक में छिपा दिया. CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची.

मंदिर में हुई थी वंदना और उपेंद्र की शादी

पुलिस के अनुसार, मृतका वंदना ने परिवार की मर्जी के खिलाफ 11 अगस्त को उपेंद्र से मंदिर में शादी की थी. शादी के बाद दोनों के बीच आपसी मतभेद होने लगे. इसके चलते दंपति ने अलग किराए के मकान में रहने का फैसला किया था. इसी दौरान रक्षा बंधन के दिन वंदना और उपेंद्र की बहन पार्वती बाई कुशवाह के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर टिप्पणी की थी.

विवाद बढ़ा तो चाकू से किए वार

बताया गया कि पार्वती का भाई दमोह में दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है. इसी बात को लेकर की गई कथित टिप्पणी से पार्वती नाराज हो गई. कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उसने वंदना पर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वंदना की गर्दन पर दो बार वार किए. इसके बाद शव को घर से बाहर खींचकर पानी की टंकी में डाल दिया.

बच्चे स्कूल में, पति अस्पताल में भर्ती

वारदात के वक्त पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि उसका पति अस्पताल में भर्ती था. हत्या के बाद आरोपी अस्पताल पहुंची और अपने पति से मिली. दूसरी ओर जब परिवार को वंदना के गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज से पुलिस को मामले में अहम सुराग मिला.

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस ने पार्वती से पूछताछ की तो उसने शुरुआत में घटना के बारे में गुमराह करने की कोशिश की. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने उस पर दबाव बढ़ाया. पुलिस के अनुसार, आरोपी को बताया गया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू पर फिंगरप्रिंट मिले हैं और उसके बच निकलने की संभावना नहीं है. इसके बाद पार्वती ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.