अमृतसर: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तुएं दिखाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में दो से चार संदिग्ध उड़ते ऑब्जेक्ट्स नजर आने की सूचना है. घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है.
रनवे के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत सुरक्षा अलर्ट जारी किया. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट कर दिया गया. घटना के बाद एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई और संदिग्ध ड्रोन की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ड्रोन या यूएवी जैसी वस्तुएं रुडाला गांव की दिशा से एयरपोर्ट की तरफ आती दिखाई दीं. ये ऑब्जेक्ट्स कुछ मिनटों तक रनवे और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्र में मंडराते रहे. अमृतसर सीमावर्ती जिला होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया.
सूचना मिलते ही सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने लैंडिंग रोकते हुए आने वाली उड़ानों के मार्ग बदल दिए.
मलेशिया एयरलाइंस की MH-118 फ्लाइट कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही थी, जिसे दिल्ली डायवर्ट किया गया. इंडिगो की 6E-5028 और 6E-2045 उड़ानों को चंडीगढ़ भेजा गया. एयर इंडिया की AI-479 और AI-855 उड़ानों को दिल्ली वापस भेजा गया.
इसके अलावा शारजाह से अमृतसर आ रही इंडिगो की 6E-1428 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX-138 फ्लाइट को भी दिल्ली डायवर्ट किया गया. इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमानों को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं दी गई.
घटना के बाद रुडाला गांव और एयरपोर्ट से सटे सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया. संदिग्ध ड्रोन के संभावित ऑपरेटर और उनके रास्ते का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों द्वारा रडार और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ये वस्तुएं वास्तव में ड्रोन थीं या कोई अन्य हवाई वस्तु.
एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. अमृतसर एयरपोर्ट की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है. फिलहाल जांच जारी है और संदिग्ध वस्तुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है.