menu-icon
India Daily

H1N1: देहरादून में नहीं थम रहा स्वाइन फ्लू का खतरा, 28 नए मामले मिले; कोविड ने भी बढ़ाई चिंता

देहरादून में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है. रविवार की रिपोर्ट में 28 नए मरीज मिले, जिससे H1N1 के कुल मामले 328 हो गए. डेंगू के भी 130 मरीज सामने आ चुके हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
H1N1: देहरादून में नहीं थम रहा स्वाइन फ्लू का खतरा, 28 नए मामले मिले; कोविड ने भी बढ़ाई चिंता
Courtesy: AI

देहरादून में मौसमी बीमारियों का असर लगातार देखने को मिल रहा है. रविवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू के 28 नए मामले सामने आए. इसके साथ जिले में H1N1 संक्रमितों की संख्या 328 पहुंच गई है. इनमें 129 मरीज अभी सक्रिय हैं. दूसरी ओर डेंगू के मामलों की संख्या भी 130 हो चुकी है. हालांकि कोविड का रविवार को कोई नया मामला नहीं मिला. स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की रोकथाम के लिए घर-घर सर्वे और लार्वा जांच अभियान भी तेज किया है.

28 नए सैंपल पॉजिटिव मिले

रविवार को H1N1 की जांच के लिए 132 सैंपल लिए गए, जिनमें 28 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई. अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 328 हो गई है. इनमें 223 मरीज देहरादून के हैं, जबकि 105 अन्य क्षेत्रों से हैं. अब तक 197 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 129 सक्रिय मरीज हैं. रिपोर्ट में दो मौतों का आंकड़ा भी दर्ज है, जिन्हें डेथ ऑडिट के बाद शामिल किया गया.

पुरुष मरीजों की संख्या ज्यादा

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक H1N1 के कुल 328 मरीजों में 180 पुरुष और 148 महिलाएं शामिल हैं. इस तरह संक्रमित पुरुषों की संख्या महिलाओं की तुलना में अधिक है. विभाग लगातार मरीजों की निगरानी कर रहा है. वहीं कोविड संक्रमण की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है. रविवार को कोई नया केस नहीं मिला. जिले में अब तक कोविड के 41 मामले दर्ज हैं, जिनमें तीन मरीज अस्पताल में भर्ती हैं.

डेंगू के 130 मरीज मिले

देहरादून में डेंगू की जांच के लिए अब तक 25,554 सैंपल लिए जा चुके हैं. इनमें 130 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. संक्रमितों में 64 देहरादून और 66 दूसरे जिलों के मरीज हैं. राहत की बात यह है कि 119 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 11 का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. अब तक डेंगू से किसी मौत की जानकारी रिपोर्ट में दर्ज नहीं की गई है.

4,762 घरों में चला सर्वे

डेंगू रोकने के अभियान के तहत रविवार को 4,762 घरों की जांच की गई. इस दौरान 158 घरों में लार्वा मिला. टीमों ने 32,068 कंटेनरों की जांच की, जिनमें 256 में लार्वा पाया गया. अब तक 8,65,599 घरों का सर्वे हो चुका है. इनमें 15,914 घरों में लार्वा मिला. अभियान के दौरान 54,31,433 कंटेनरों की जांच हुई, जिनमें 20,037 कंटेनर लार्वा के लिए पॉजिटिव पाए गए.