menu-icon
India Daily

न कैमरे के सामने आते हैं, न फिल्म डायरेक्ट करते हैं, फिर कैसे बने बॉलीवुड के सबसे अमीर व्यक्ति?

बॉलीवुड के सबसे अमीर लोगों की चर्चा हो तो अक्सर एक्टर्स के नाम सामने आते हैं, लेकिन Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक T-Series के चेयरमैन भूषण कुमार की अनुमानित संपत्ति करीब ₹36,300 करोड़ है. यह आंकड़ा उन्हें मनोरंजन जगत के सबसे बड़े धनवानों में रखता है.

babli
Edited By: Babli Rautela
न कैमरे के सामने आते हैं, न फिल्म डायरेक्ट करते हैं, फिर कैसे बने बॉलीवुड के सबसे अमीर व्यक्ति?
Courtesy: Social Media

बॉलीवुड में जब सबसे अमीर सितारों की बात होती है तो शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसे नाम सबसे पहले सामने आते हैं. लेकिन फिल्म इंडस्ट्री की दौलत की तस्वीर सिर्फ एक्टर्स तक सीमित नहीं है. म्यूजिक और फिल्म प्रोडक्शन की दुनिया से जुड़े एक बिजनेसमैन ने संपत्ति के मामले में कई बड़े फिल्मी सितारों को पीछे छोड़ दिया है.

यह नाम है भूषण कुमार का. T-Series के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण कुमार की संपत्ति को 2026 की Hurun India Rich List से जुड़ी रिपोर्ट्स में करीब ₹36,300 करोड़ बताया गया है. इस आंकड़े के साथ वह मनोरंजन जगत से जुड़े सबसे बड़े धनवान नामों में शामिल हैं.  

कैसे इतनी बड़ी बनी भूषण कुमार की दौलत?

भूषण कुमार की पहचान किसी अभिनेता या निर्देशक के तौर पर नहीं, बल्कि T-Series के बिजनेस लीडर के रूप में है. T-Series की शुरुआत उनके पिता गुलशन कुमार ने 1983 में की थी. गुलशन कुमार ने म्यूजिक कैसेट के कारोबार से शुरुआत करके T-Series को एक बड़े म्यूजिक ब्रांड में बदल दिया. 1997 में गुलशन कुमार की हत्या के बाद कंपनी की जिम्मेदारी परिवार के हाथों में आई. भूषण कुमार ने अपने चाचा कृष्ण कुमार के साथ मिलकर कारोबार को आगे बढ़ाया.

समय के साथ T-Series सिर्फ म्यूजिक लेबल नहीं रहा. कंपनी ने फिल्म प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन में भी अपनी मौजूदगी मजबूत की. यही विस्तार आगे चलकर भूषण कुमार की संपत्ति के बड़े आधारों में शामिल हुआ.

T-Series का म्यूजिक से फिल्मों तक विस्तार

भूषण कुमार के नेतृत्व में T-Series ने बॉलीवुड के म्यूजिक बिजनेस में अपनी मजबूत स्थिति बनाई. इसके बाद कंपनी ने फिल्मों के निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन में भी बड़े स्तर पर काम किया. T-Series के बैनर तले कई बड़ी फिल्मों का निर्माण हुआ है. म्यूजिक राइट्स और फिल्म प्रोडक्शन जैसे अलग-अलग कारोबारों ने कंपनी को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम बनाया. यही वजह है कि भूषण कुमार की संपत्ति को सिर्फ फिल्मों से होने वाली कमाई से जोड़कर नहीं देखा जा सकता. इसके पीछे म्यूजिक कैटलॉग, प्रोडक्शन, डिस्ट्रीब्यूशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ा बड़ा बिजनेस है.

शाहरुख खान भी काफी पीछे

2026 की Hurun India Rich List से जुड़ी रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख खान भारत के सबसे अमीर अभिनेता हैं और उनकी अनुमानित संपत्ति ₹10,000 करोड़ बताई गई है. उनकी संपत्ति फिल्मों के अलावा प्रोडक्शन और स्पोर्ट्स बिजनेस जैसे क्षेत्रों से भी जुड़ी है. इसके मुकाबले भूषण कुमार की बताई गई ₹36,300 करोड़ की संपत्ति काफी ज्यादा है. हालांकि अलग-अलग रिपोर्ट्स में सेलिब्रिटीज और बिजनेस परिवारों की नेट वर्थ के आंकड़े अलग हो सकते हैं, क्योंकि इनका आकलन निजी कंपनियों, शेयरहोल्डिंग और अन्य संपत्तियों के अनुमान पर आधारित होता है.