मुंबई: रैपर बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने 'टटीरी' को लेकर बड़े विवाद में फंस गए हैं. गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया, और अब हरियाणा पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. पंचकूला के साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज की गई है, जबकि जींद में भी अलग मामला बनाया गया है. पुलिस लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया में जुटी है, ताकि बादशाह देश छोड़कर बाहर न जा सकें.
गाने में आपत्तिजनक बोल, इशारे और विजुअल्स को लेकर शिकायतें आईं. कई लोगों ने आरोप लगाया कि लिरिक्स महिलाओं की गरिमा का अपमान करते हैं और अश्लील हैं. खासकर स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाने, बैग फेंकते हुए सीन और कुछ गंदे शब्दों पर आपत्ति जताई गई. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए बादशाह को 13 मार्च को सुनवाई के लिए समन भेजा है.
— Haryana Police (@police_haryana) March 7, 2026
आयोग की चेयरपर्सन ने कहा कि ऐसे कंटेंट युवाओं पर गलत असर डाल सकता है. पंचकूला पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता अभय चौधरी की शिकायत पर FIR दर्ज की, जिसमें इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट 1986 की धारा 3 और 4 के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 लगाई गई है. गाने के वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस और एक सरकारी स्कूल दिखाया गया है.
पुलिस जांच कर रही है कि क्या शूटिंग के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं. अगर बिना परमिशन इस्तेमाल साबित हुआ, तो धारा 120-बी के तहत भी केस बन सकता है. विवाद बढ़ने के बाद यूट्यूब ने भारत में गाने का वीडियो हटा दिया है. पुलिस अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी इसे हटवाने की कोशिश कर रही है. जो कोई भी गाने या इससे जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री शेयर करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. पुलिस टीमें बादशाह की तलाश में दबिश दे रही हैं और गिरफ्तारी की तैयारी में हैं.