menu-icon
India Daily

दुनिया के सबसे बड़े फिल्म अवॉर्ड में चमका भारत, जानें RRR से लेकर स्लमडॉग मिलियनेयर तक किन फिल्मों ने जीते ऑस्कर

ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारतीय सिनेमा का सफर लंबा और प्रेरणादायक रहा है. RRR के नाटू नाटू से लेकर द एलिफेंट व्हिस्परर्स और स्लमडॉग मिलियनेयर तक कई फिल्मों और कलाकारों ने अलग अलग कैटेगरी में ऑस्कर जीतकर इतिहास रचा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
दुनिया के सबसे बड़े फिल्म अवॉर्ड में चमका भारत, जानें RRR से लेकर स्लमडॉग मिलियनेयर तक किन फिल्मों ने जीते ऑस्कर
Courtesy: India Daily

मुंबई: दुनिया के सबसे फेमस फिल्म अवॉर्ड्स में से एक एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर का इंतजार हर साल फिल्म प्रेमी करते हैं. इस साल 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स 16 मार्च को भारत में प्रसारित किए जाएंगे. हर बार की तरह इस बार भी भारतीय दर्शकों की नजरें इस समारोह पर टिकी हुई हैं. भारतीय फिल्मों का ऑस्कर से रिश्ता कई दशकों पुराना है. हालांकि भारत को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में अब तक जीत नहीं मिली है, लेकिन कई फिल्मों और कलाकारों ने अलग अलग कैटेगरी में ऑस्कर जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है.

इस साल फिल्म होमबाउंड को भारत की ओर से बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म के लिए आधिकारिक एंट्री के रूप में भेजा गया था, लेकिन इसे अंतिम नॉमिनेशन में जगह नहीं मिल सकी.

द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने रचा नया इतिहास

साल 2023 में तमिल डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने इतिहास रच दिया था. इस फिल्म ने 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का ऑस्कर जीता. कार्तिकी गोंसाल्वेस की डायरेक्टेड बनी इस फिल्म को गुनीत मोंगा ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म की कहानी तमिलनाडु के एक दंपति के इर्द गिर्द घूमती है जो एक अनाथ हाथी के बच्चे की देखभाल करते हैं. 

आरआरआर के नाटू नाटू ने दुनिया को नचाया

भारतीय सिनेमा के लिए साल 2023 बेहद खास रहा क्योंकि फिल्म आरआरआर के गाने नाटू नाटू ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीत लिया. एस एस राजामौली की इस फिल्म का यह गाना दुनिया भर में बेहद लोकप्रिय हुआ. एम एम कीरावानी द्वारा कंपोज किए गए और चंद्रबोस द्वारा लिखे गए इस गाने ने ऑस्कर में इतिहास रच दिया. 

पीरियड एंड ऑफ सेंटेंस ने उठाई अहम सामाजिक आवाज

साल 2018 में रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म पीरियड एंड ऑफ सेंटेंस ने भी ऑस्कर में भारत का नाम रोशन किया. इस फिल्म को गुनीत मोंगा ने प्रोड्यूस किया था और इसे बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट का अवॉर्ड मिला. फिल्म में ग्रामीण भारत में महिलाओं के पीरियड्स से जुड़े मुद्दों और उससे जुड़े सामाजिक कलंक को दिखाया गया था. 

स्माइल पिंकी की भावुक कहानी

साल 2008 में आई डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म स्माइल पिंकी ने भी ऑस्कर जीतकर भारत को गौरवान्वित किया था. इस फिल्म का निर्देशन मेगन माइलन ने किया था. फिल्म की कहानी भारत की एक छोटी बच्ची के इर्द गिर्द घूमती है जिसके कटे होंठ की सर्जरी होती है. यह डॉक्यूमेंट्री दिखाती है कि एक छोटा सा मेडिकल इलाज किसी की पूरी जिंदगी बदल सकता है.

स्लमडॉग मिलियनेयर में भारतीय कलाकारों की बड़ी भूमिका

साल 2008 में आई फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर ने ऑस्कर में शानदार सफलता हासिल की थी. हालांकि यह एक ब्रिटिश प्रोडक्शन फिल्म थी लेकिन इसकी सफलता में भारतीय कलाकारों का बड़ा योगदान रहा. संगीतकार ए आर रहमान ने बेस्ट ओरिजिनल स्कोर और बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग के लिए ऑस्कर जीता. वहीं साउंड मिक्सर रसूल पुकुट्टी को बेस्ट साउंड मिक्सिंग का अवॉर्ड मिला. मशहूर गीतकार गुलजार को भी बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग के लिए ऑस्कर से सम्मानित किया गया.

गांधी फिल्म से भानु अथैया ने रचा इतिहास

भारतीय सिनेमा के ऑस्कर इतिहास की शुरुआत साल 1982 में हुई थी जब कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथैया ने फिल्म गांधी के लिए बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन का ऑस्कर जीता. वह ऑस्कर जीतने वाली पहली भारतीय बनीं. रिचर्ड एटनबरो की इस ऐतिहासिक फिल्म ने कई कैटेगरी में अवॉर्ड जीते और भारतीय कलाकारों की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई.

भारत को अभी तक बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में जीत नहीं मिली है लेकिन कई फिल्में इस अवॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं. इन फिल्मों में मदर इंडिया, सलाम बॉम्बे और लगान जैसी मशहूर फिल्में शामिल हैं. इन फिल्मों को ऑस्कर में नॉमिनेशन मिला और उन्होंने भारतीय सिनेमा की ताकत को दुनिया के सामने पेश किया.