Anupam Kher Video: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अयोध्या के राम मंदिर पहुंचे. अपनी आगामी फिल्म 'श्री राम भूमि' की शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने राम लला के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया. मंदिर दर्शन के दौरान अनुपम खेर ने राम मंदिर दान चोरी मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने घटना को गलत बताया, लेकिन साफ कहा कि इस एक घटना को लेकर पूरे सनातन और भगवान राम पर कोई ब्लेम नहीं होना चाहिए.
अनुपम खेर ने कहा- 'अगर किसी घर में चोरी हो जाए तो क्या पूरे घर को जंजीर से बांध देते हैं? जो हुआ, वो गलत हुआ. ऐसा नहीं होना चाहिए था और चोर कहीं भी हो सकते हैं, लेकिन सनातन और रामजी द्वापर युग से हैं, युगों-युगों से हैं. हमें इसे एक घटना के रूप में लेना चाहिए. जिन लोगों ने यह किया है, उन्हें जरूर पकड़ना चाहिए और सजा मिलनी चाहिए. लेकिन सनातन या रामजी पर कोई आरोप नहीं लगना चाहिए.'
VIDEO | Ayodhya, Uttar Pradesh: Bollywood actor Anupam Kher says, "If a theft takes place in a house, people do not blame the house itself... Similarly, Sanatan Dharma and Lord Ram have existed since ancient times, across the ages. We should not allow one such incident to tarnish… pic.twitter.com/2NYSfKil66
— Press Trust of India (@PTI_News) July 8, 2026
अभिनेता का यह बयान राम मंदिर दान चोरी विवाद के बीच काफी चर्चा में है. अनुपम खेर ने जोर देकर कहा कि 'अपराधी को सजा जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन पूरा धर्म या आस्था को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए.' अनुपम खेर राम मंदिर पहुंचकर काफी खुश नजर आए. उन्होंने भगवान राम के सामने प्रार्थना की और फिल्म की शूटिंग के लिए शुभकामनाएं मांगी. 'श्री राम भूमि' फिल्म में अनुपम खेर का रोल काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है.
इधर उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है. 7 जुलाई को पुलिस ने कोर्ट में तीन आरोपियों - लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडे की कस्टडी मांगी. इनके पास से बड़ी रकम बरामद हुई है. पुलिस के मुताबिक लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख रुपये और करुणेश पांडे से 18.07 लाख रुपये मिले हैं.
करुणेश पांडे की पत्नी के बैंक खाते में भी करीब 18 लाख रुपये जमा होने की बात सामने आई है. पुलिस अब इन आरोपियों के बैंक अकाउंट्स की जांच करना चाहती है ताकि चोरी की गई रकम का पूरा ट्रेल पता चल सके. जांच टीम का मानना है कि बरामद पैसे से कई सामान खरीदे गए होंगे. कस्टडी में पूछताछ के दौरान और भी रकम बरामद होने की उम्मीद है.
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है. रिपोर्ट में 27 अप्रैल से 5 जून 2026 के बीच के CCTV फुटेज का जिक्र है. इसमें लगभग 70 मौकों पर गिनती स्टाफ पर नोटों के बंडल अपने कपड़ों, जूतों और अन्य सामान में छिपाने का आरोप लगाया गया है.