menu-icon
India Daily

गुरदारपुर में दिनदहाड़े मंदिर में घुसा युवक, मूर्तियों के गहने उतारे और CCTV कैमर के तार काटे, श्रद्धालुओं ने दबोचा

गुरदासपुर के शिव शक्ति मंदिर में दिनदहाड़े चोरी और तोड़फोड़ की कोशिश का मामला सामने आया. श्रद्धालुओं ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखी गई.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
गुरदारपुर में दिनदहाड़े मंदिर में घुसा युवक, मूर्तियों के गहने उतारे और CCTV कैमर के तार काटे, श्रद्धालुओं ने दबोचा
Courtesy: social media

गुरदासपुर के बबरी बाईपास स्थित शिव शक्ति मंदिर में दिन के समय चोरी की कोशिश और तोड़फोड़ की घटना ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया. मंदिर में मौजूद लोगों की सतर्कता से आरोपी भाग नहीं सका और उसे मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

दीवार फांदकर मंदिर में घुसा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय मंदिर के महंत देवा जी किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे और मुख्य प्रवेश द्वार बंद था. इसी दौरान एक युवक मंदिर की दीवार फांदकर अंदर पहुंच गया. श्रद्धालुओं का आरोप है कि युवक चोरी की नीयत से मंदिर में दाखिल हुआ और भीतर रखी धार्मिक वस्तुओं को निशाना बनाया. बताया गया कि उसने मंदिर में स्थापित मूर्तियों के आभूषण उतार लिए और पीतल तथा तांबे की मूर्तियों समेत अन्य कीमती सामान अपने बैग में भर लिया. घटना के दौरान मंदिर परिसर में नुकसान पहुंचाए जाने की भी बात सामने आई है.

सीसीटीवी की तारें काटने का भी आरोप

श्रद्धालुओं का कहना है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें भी काट दीं, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें. हालांकि, मंदिर से बाहर निकलने से पहले ही आसपास मौजूद लोगों को उसकी हरकतों की जानकारी मिल गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के बाहर एकत्र हो गए और युवक को चारों ओर से घेर लिया. आरोप है कि पकड़े जाने पर उसने लोगों पर हमला करने की भी कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उसे काबू में कर लिया.

पुलिस को सौंपा गया आरोपी, कार्रवाई की मांग

घटना के तुरंत बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. मामले के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश देखा गया. लोगों ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.