menu-icon
India Daily

अयोध्या में 15 करोड़ की जमीन पर अमिताभ बच्चन बनाएंगे धर्मशाला, पिता की याद में लेंगे ये बड़ा फैसला

जुलाई में ही खबर आई थी कि अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन खरीदी है. अब लगभग दो महीने बाद यह जानकारी सामने आई है कि वे वहां एक स्मृति धर्मशाला का निर्माण करवाएंगे. यह धर्मशाला दशरथ पथ पर स्थित द सरयू प्रोजेक्ट में बनेगी.

antima
Edited By: Antima Pal
अयोध्या में 15 करोड़ की जमीन पर अमिताभ बच्चन बनाएंगे धर्मशाला, पिता की याद में लेंगे ये बड़ा फैसला
Courtesy: Pinterest

Amitabh Bachchan to Build Dharamshala: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उनकी खबर फिल्म या टीवी शो से नहीं, बल्कि अयोध्या से जुड़ी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अमिताभ बच्चन अयोध्या में करीब 15 करोड़ रुपये की जमीन पर एक धर्मशाला बनाने जा रहे हैं. यह धर्मशाला उनके पिता प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन की याद में बनाई जाएगी.

अमिताभ बच्चन बनाएंगे धर्मशाला

जुलाई में ही खबर आई थी कि अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन खरीदी है. अब लगभग दो महीने बाद यह जानकारी सामने आई है कि वे वहां एक स्मृति धर्मशाला का निर्माण करवाएंगे. यह धर्मशाला दशरथ पथ पर स्थित द सरयू प्रोजेक्ट में बनेगी. इसमें 20 से ज्यादा कमरे होंगे. अयोध्या डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी एडीए को बिल्डिंग मैप की मंजूरी के लिए आवेदन दिया जा चुका है.

पिता की याद में बड़ा फैसला

आवेदन मिलने के बाद एडीए ने पब्लिक नोटिस जारी किया है. इसमें लोगों से 15 दिन के अंदर आपत्तियां मांगी गई हैं. अगर सब कुछ सही रहा तो मंजूरी मिल जाएगी. उम्मीद है कि अक्टूबर में निर्माण का काम शुरू हो जाएगा. एडीए के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने इस खबर की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन की तरफ से 20 से अधिक कमरों वाली धर्मशाला का आवेदन आया है. मंजूरी मिलने के बाद अयोध्या आने वाले भक्तों को बेहतर ठहरने की सुविधा मिलेगी.

हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के बड़े नाम थे. उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था. उनकी सबसे प्रसिद्ध रचना 1935 में लिखी गई कविता 'मधुशाला' है. उन्होंने शेक्सपियर के नाटकों का हिंदी में अनुवाद भी किया था. अमिताभ की मां तेजी बच्चन सामाजिक कार्यकर्ता और रंगमंच से जुड़ी थीं. वे फिल्म फाइनेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की डायरेक्टर भी रह चुकी हैं.

अमिताभ बच्चन इस समय अपना लोकप्रिय शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18 होस्ट कर रहे हैं. इसके अलावा वे नाग अश्विन की फिल्म कल्कि 2898 एडी के सीक्वल में भी नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में प्रभास और कमल हासन भी काम कर रहे हैं.

अमिताभ बच्चन की यह पहल सिर्फ परिवार की याद तक सीमित नहीं लगती. अयोध्या जैसे पवित्र शहर में भक्तों के लिए सुविधा उपलब्ध कराना कई लोगों को अच्छी बात लग रही है. धर्मशाला बनने के बाद वहां आने वाले श्रद्धालु आसानी से रुक सकेंगे. अमिताभ अक्सर अपनी जड़ों और परिवार से जुड़े काम करते रहे हैं. इस बार भी उन्होंने पिता की याद को अयोध्या से जोड़ दिया है. अभी आवेदन की प्रक्रिया चल रही है. मंजूरी मिलते ही काम शुरू होने की संभावना है.