Amitabh Bachchan Emotional Note: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर भावुक संदेश लिखकर बताया है कि उन्होंने कौंन बनेगा करोड़पति के नए सीजन की शूटिंग शुरू कर दी है. 2 अगस्त को उन्होंने अपना 'पुनर्जन्म दिवस' मनाया और उसके बाद केबीसी के सेट पर लौटने का ऐलान किया.
अमिताभ बच्चन ने लिखा- समय हो गया है कल, केबीसी के पहले दिन की रिकॉर्डिंग का. तो मैं चला, एक और चुनौती का सामना करने, आप सबके आशीर्वाद और स्नेह के साथ.' 83 वर्षीय अभिनेता ने फैंस का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्रार्थनाओं, प्यार और लगातार सहयोग ने उन्हें हमेशा ताकत दी है.
उन्होंने फोन कॉल्स, मैसेज और शुभकामनाओं का जिक्र करते हुए लिखा कि हर एक को व्यक्तिगत जवाब देना मुश्किल है, इसलिए उन्होंने ब्लॉग पर ही सबका आभार व्यक्त किया. अमिताभ ने कहा कि लोगों की कृपा और स्नेह की कोई सीमा नहीं है. 2 अगस्त अमिताभ बच्चन के जीवन में खास दिन है. साल 1982 में फिल्म कूली की शूटिंग के दौरान हुए गंभीर हादसे में वे बाल-बाल बचे थे. हर साल वे इस दिन को कृतज्ञता के साथ याद करते हैं और फैंस की दुआओं को अपना सहारा मानते हैं.
केबीसी के नए सीजन की शूटिंग शुरू होने के साथ ही दर्शक उत्साहित हैं. अमिताभ बच्चन लंबे समय से इस शो के होस्ट हैं और हर सीजन में अपनी खास स्टाइल में सवाल पूछते हैं. फैंस उनके इस नए सीजन का इंतजार कर रहे हैं. अमिताभ बच्चन ने साफ कहा कि वे फैंस के आशीर्वाद के साथ एक और चुनौती स्वीकार करने जा रहे हैं. उनका यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं और केबीसी के नए एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.