मुंबई: लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म सीरीज 'हेरा फेरी' का तीसरा भाग बनाने की उम्मीदें एक बार फिर टूट गई हैं. फिल्म के मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार ने साफ-साफ बता दिया है कि 'हेरा फेरी 3' फिलहाल नहीं बन रही है. अक्षय कुमार ने हाल ही में एक चैनल पर अपनी आगामी फिल्म 'भूत बंगला' की प्रमोशन के दौरान इस बारे में बात की. जब उनसे 'हेरा फेरी 3' की अपडेट पूछी गई तो अक्षय ने कहा- 'हेरा फेरी 3 अभी फिलहाल तो नहीं बन रही.' यह सुनकर होस्ट भी हैरान रह गए.
अक्षय कुमार ने मुस्कुराते हुए कहा- 'मुझे खुद झटका लगा था. कोई बात नहीं, वेलकम तो बना ली. थोड़ा कुछ मंत्र पढ़ना पड़ेगा कि सब ठीक हो जाए. अभी एक साल तो नहीं है. इसमें बहुत सारे इश्यूज हैं. ऐसा नहीं है कि हम तीनों (अक्षय, परेश रावल और सुनील शेट्टी) साथ नहीं हैं. 'वेलकम टू द जंगल' में हम तीनों साथ हैं. कुछ-कुछ चीजें होती हैं जो मैं कैमरे पर नहीं बोल सकता. बहुत सारी चीजें, एग्रीमेंट्स हैं, जो प्रोजेक्ट को पीछे ले जाती हैं.'
अक्षय ने आगे कहा- 'अपने आप आएगा. जब वक्त आएगा तब बन जाएगा. बस यही है कि बुढ़ापा न हो जाए तब तक.' फैंस के लिए यह खबर निराशाजनक है क्योंकि 'हेरा फेरी' सीरीज के तीनों कलाकार अक्षय कुमार (राजू), परेश रावल (बाबूराव) और सुनील शेट्टी (श्याम) की जोड़ी दर्शकों के बीच बेहद पॉपुलर है. पहली फिल्म 'हेरा फेरी' साल 2000 में प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित हुई थी. इसका सीक्वल 'फिर हेरा फेरी' 2006 में नीरज वोरा द्वारा बनाया गया था. दोनों फिल्मों ने अपनी मजेदार कहानी, हल्के-फुल्के डायलॉग और बेहतरीन कॉमेडी टाइमिंग की वजह से कल्ट स्टेटस हासिल कर लिया था.
कुछ समय पहले परेश रावल के अचानक प्रोजेक्ट से अलग होने की खबर आई थी, जिससे फैंस और अक्षय कुमार दोनों हैरान रह गए थे. अक्षय कुमार ने इस फ्रैंचाइजी के अधिकार खरीदे थे, लेकिन दक्षिण भारतीय प्रोड्यूसर और फिरोज नाडियादवाला के बीच कॉपीराइट को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई. इसी वजह से फिल्म कई सालों से अटकी हुई है.
अक्षय ने स्पष्ट किया कि तीनों कलाकार एक-दूसरे के साथ हैं, लेकिन कानूनी और अन्य मुद्दों की वजह से प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पा रहा है. फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही इन सब मुद्दों का हल निकले और 'हेरा फेरी 3' बन सके. अक्षय कुमार के बयान से साफ है कि फिल्म अभी कम से कम एक साल तो नहीं बनेगी. दर्शक अब 'वेलकम टू द जंगल' में तीनों दिग्गज कलाकारों को एक साथ देखने का इंतजार कर रहे हैं, जहां उनकी जोड़ी फिर से दर्शकों का मनोरंजन करेगी.