मुंबई: मलयालम टीवी इंडस्ट्री के जाने माने कलाकार सिद्धार्थ वेणुगोपाल का निधन हो गया है. वह पिछले करीब दो सालों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरी इंडस्ट्री और उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई. कई कलाकारों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है. इस दुखद खबर को सबसे पहले सीमा जी नायर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया. उन्होंने एक बेहद भावुक नोट लिखा जिसमें उन्होंने अपने दर्द को शब्दों में बयां किया.
उन्होंने लिखा कि अब सारी उम्मीदें खत्म हो गई हैं और सिद्धार्थ एक ऐसी दुनिया में चले गए हैं जहां कोई दर्द नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो सालों से वह लगातार सिद्धार्थ की मदद के लिए भागदौड़ कर रही थीं और हर संभव कोशिश कर रही थीं कि उनकी जान बचाई जा सके. उनका यह पोस्ट पढ़कर फैंस और इंडस्ट्री के लोग बेहद भावुक हो गए.
सिद्धार्थ के निधन के बाद कई कलाकारों ने उन्हें याद किया. किशोर सत्या ने भी अपने संदेश में कहा कि एक और प्रतिभाशाली कलाकार बहुत जल्दी दुनिया छोड़ गया. उन्होंने बताया कि सिद्धार्थ टीवी दर्शकों के बीच एक पहचाना चेहरा थे और लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे. साथ ही उन्होंने सीमा जी नायर के प्रयासों की भी सराहना की, जिन्होंने हर मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया.
सिद्धार्थ वेणुगोपाल केरल के त्रिशूर जिले के चलाकुडी के रहने वाले थे. उन्हें मलयालम टीवी सीरियल्स में उनके दमदार अभिनय के लिए जाना जाता था. उन्होंने Kasturiman और Bhagyajathakam जैसे लोकप्रिय शोज में काम किया, जिससे उन्हें पहचान मिली. एक्टिंग के लिए उनका जुनून बचपन से ही था. कॉलेज के दिनों में ही उन्होंने थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की. बाद में उन्होंने एक प्रेजेंटर के तौर पर भी काम किया और फिर प्रोड्यूसर अरुण घोष के सहयोग से टेलीविजन इंडस्ट्री में कदम रखा.
सिद्धार्थ के परिवार में उनकी मां और छोटा भाई हैं. उनके पिता का निधन कुछ साल पहले ही हो गया था. ऐसे में अब उनका जाना परिवार के लिए बहुत बड़ा सदमा है. यह दुख उनके करीबियों और फैंस के लिए भी बेहद भारी है.