मुंबई: अक्षय कुमार के फैंस के लिए उनके जन्मदिन पर एक बड़ी खबर सामने आई है. 9 सितंबर को अपना 59वां जन्मदिन मनाने वाले अक्षय कुमार को बॉलीवुड के कई सितारों ने शुभकामनाएं दीं. इसी बीच निर्देशक रोहित शेट्टी के एक पोस्ट ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी.
रोहित शेट्टी ने अक्षय को जन्मदिन की बधाई देते हुए संकेत दिया कि गोलमाल 5 के अलावा वह अभिनेता के साथ एक और फिल्म में काम करने वाले हैं. हालांकि, इस नए प्रोजेक्ट को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
रोहित शेट्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अक्षय कुमार को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने गोलमाल 5 से जुड़ी एक तस्वीर शेयर की और अभिनेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. इसके साथ ही रोहित ने लिखा कि वह अक्षय के साथ एक और फिल्म करने वाले हैं और यह फिल्म बहुत जल्द आने वाली है. निर्देशक के इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आखिर यह दूसरा प्रोजेक्ट कौन सा है.
गौर करने वाली बात यह है कि अक्षय की गोलमाल 5 में एंट्री का ऐलान पहले ही किया जा चुका है. इसलिए रोहित का एक और फिल्म का जिक्र इसी फ्रेंचाइजी की फिल्म के बारे में होने की संभावना कम है. हालांकि, नए प्रोजेक्ट का टाइटल और बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
फिलहाल अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी गोलमाल 5 पर साथ काम कर रहे हैं. यह फिल्म लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी का अगला पार्ट है और अक्षय की इस सीरीज में पहली एंट्री बताई जा रही है. फिल्म में अक्षय के किरदार को नेगेटिव शेड में पेश किए जाने की बात सामने आई है. वह अजय देवगन के किरदार के लिए मुश्किलें खड़ी करते नजर आ सकते हैं. ऐसे में फिल्म में कॉमेडी के साथ अक्षय और अजय के बीच टकराव भी देखने को मिल सकता है. मेकर्स की ओर से अभी गोलमाल 5 की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है. हालांकि, इसके 2027 में सिनेमाघरों में आने की संभावना जताई जा रही है.
अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी की जोड़ी नई नहीं है. दोनों ने साल 2021 में फिल्म सूर्यवंशी के लिए साथ काम किया था. यह फिल्म रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स का हिस्सा थी. सूर्यवंशी में अक्षय ने डीसीपी वीर सूर्यवंशी का किरदार निभाया था. फिल्म में उनके साथ कैटरीना कैफ नजर आई थीं. इसके अलावा अजय देवगन की सिंघम फ्रेंचाइजी भी इसी कॉप यूनिवर्स का हिस्सा है.
अक्षय कुमार ने सिंघम 3 में भी अपने सूर्यवंशी वाले किरदार के तौर पर कैमियो किया था. इस तरह अक्षय और रोहित की जोड़ी पहले ही एक सफल एक्शन फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुकी है.