बॉलीवुड की फिल्मों और उनके बदलते ट्रेंड को लेकर अभिनेत्री करीना कपूर खान ने अपनी राय खुलकर रखी है. उनका मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में कई बार किसी सफल फिल्म के फॉर्मूले को समझने के बजाय उसकी नकल करने की कोशिश शुरू हो जाती है. करीना ने इसे बॉलीवुड की हर्ड मेंटैलिटी यानी भेड़-चाल बताया है.
मीडिया संग बातचीत में करीना ने फिल्ममेकर्स और दर्शकों के बदलते रिश्ते पर बात की. उन्होंने कहा कि आज का दर्शक पहले की तुलना में ज्यादा समझदार और सवाल पूछने वाला है. ऐसे में सिर्फ किसी लोकप्रिय जॉनर या ट्रेंड के भरोसे फिल्म बनाना अब पर्याप्त नहीं है.
करीना ने 2023 में रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म Animal का उदाहरण देते हुए बॉलीवुड के ट्रेंड फॉलो करने के रवैये पर सवाल उठाया. उनका कहना था कि जब कोई फिल्म सफल होती है तो इंडस्ट्री के कुछ लोग यह देखने के बजाय कि उस फिल्म को दर्शकों ने वास्तव में क्यों पसंद किया, उसके सबसे नजर आने वाले हिस्से को दोहराने लगते हैं. करीना ने Animal की सफलता के बाद हिंसा पर आधारित कहानियों में बढ़ती दिलचस्पी को इसी सोच से जोड़कर देखा.
करीना के मुताबिक अब यह मान लेना पुरानी सोच है कि किसी समय कोई एक खास चीज ट्रेंड में है, इसलिए उसी तरह की कई फिल्में बनाकर दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाया जा सकता है.
करीना ने कहा कि आज के दर्शकों को कमतर आंकना फिल्ममेकर्स के लिए सही नहीं होगा. उनका मानना है कि दर्शक अच्छी और अलग फिल्म को पहचानने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने ऐसे फिल्ममेकर्स की भी बात की जो लोकप्रिय ट्रेंड के पीछे भागने के बजाय अलग तरह की कहानियां बनाने की कोशिश करते हैं. करीना के अनुसार ऐसे फिल्मकार दर्शकों को सोचने पर मजबूर करते हैं और उनकी फिल्मों की अपनी अलग ऑडियंस बनती है. उनका मानना है कि अब दर्शक सिर्फ किसी एक जॉनर के नाम पर फिल्म देखने नहीं पहुंचेंगे. वह ट्रेलर, कहानी और फिल्म के कंटेंट के आधार पर फैसला लेना चाहते हैं.
करीना ने बॉक्स ऑफिस को लेकर बनी एक आम धारणा पर भी बात की. उन्होंने कहा कि सिर्फ यह सोचकर फिल्म नहीं बनाई जा सकती कि वह कॉमेडी है या कोई लोकप्रिय जॉनर है, इसलिए दर्शक उसे जरूर पसंद करेंगे. उनके मुताबिक आज की युवा ऑडियंस ऐसे सवाल पूछ रही है जो फिल्ममेकर्स को सोचने पर मजबूर करते हैं. हर फिल्म के लिए करोड़ों की कमाई की गारंटी नहीं हो सकती. करीना का मानना है कि दर्शकों के इस बदलते रवैये से इंडस्ट्री में भी बदलाव आ रहा है. अब दर्शक सिर्फ बड़े स्टार या लोकप्रिय फॉर्मूले के आधार पर फिल्म चुनने के बजाय कुछ नया और अलग देखने की उम्मीद रखते हैं.