menu-icon
India Daily

‘सच को दबाया जा सकता है, हराया नहीं’, दिशा सालियन केस पर सुशांत सिंह राजपूत की बहन का बड़ा बयान

दिशा सालियन केस में CBI जांच के बीच सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से अपील की है. वाजे के सरकारी गवाह बनने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्वेता ने कहा कि अगर उनके पास कोई ठोस जानकारी या सबूत हैं तो उन्हें CBI और संबंधित अधिकारियों के सामने रखना चाहिए.

babli
Edited By: Babli Rautela
‘सच को दबाया जा सकता है, हराया नहीं’, दिशा सालियन केस पर सुशांत सिंह राजपूत की बहन का बड़ा बयान
Courtesy: Social Media

सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने दिशा सालियन मामले में पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से सामने आने की अपील की है. यह प्रतिक्रिया उन खबरों के बीच आई है जिनमें दावा किया जा रहा है कि सचिन वाजे इस मामले में सरकारी गवाह बन सकते हैं. हालांकि, उनके सरकारी गवाह बनने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. दिशा सालियन की मौत का मामला साल 2020 से ही चर्चा में रहा है. अब मामले में CBI जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच श्वेता की अपील ने एक बार फिर इसे सुर्खियों में ला दिया है.

श्वेता ने सचिन वाजे से क्या कहा

सचिन वाजे के कथित तौर पर सरकारी गवाह बनने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि अगर हालिया खबरें सही हैं और सचिन वाजे के पास ऐसी कोई जानकारी है जो मामले की सच्चाई सामने लाने में मदद कर सकती है, तो उन्हें आगे आकर वह जानकारी CBI और संबंधित अधिकारियों के साथ साझा करनी चाहिए.

श्वेता ने यह भी कहा कि अगर किसी गवाह के पास ठोस सबूत हैं और वह सच सामने लाने के लिए तैयार है, तो कानून के मुताबिक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए.

CBI जांच से जगी उम्मीद

श्वेता इससे पहले भी दिशा सालियन मामले में सामने आए नए घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दे चुकी हैं. उन्होंने कहा था कि सच्चाई को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन उसे हमेशा के लिए हराया नहीं जा सकता. दिशा के पिता की ओर से मामले में लंबे समय से अलग जांच की मांग और आरोप लगाए जाते रहे हैं. अब CBI से जुड़ी कार्रवाई की खबरों के बाद सुशांत के प्रशंसकों के बीच भी इस मामले को लेकर उम्मीद बढ़ने की बात श्वेता ने कही है.

क्या है दिशा सालियन मामला

दिशा सालियन ने कुछ समय तक सुशांत सिंह राजपूत के साथ बतौर मैनेजर काम किया था. 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी. शुरुआती जांच में उनकी मौत को आत्महत्या के तौर पर देखा गया था. बाद में उनके परिवार की ओर से हत्या की आशंका जताई गई और मामले की अलग तरीके से जांच की मांग उठी.

दिशा के पिता के वकील की ओर से भी समय-समय पर मामले को लेकर कई दावे किए जाते रहे हैं. इनमें कुछ प्रभावशाली लोगों के कथित तौर पर मामले से जुड़े होने के आरोप भी शामिल हैं. हालांकि, इन दावों की पुष्टि होना अभी बाकी है.