menu-icon
India Daily

‘हिंदी राष्ट्रभाषा है’ बोलना शिवराजकुमार को पड़ा भारी, बवाल के बाद मांगी माफी; बोले- मुझसे गलती हो गई

कन्नड़ सुपरस्टार शिवराजकुमार अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए. फिल्म ओरिजिनल मॉन्स्टर के टाइटल लॉन्च के दौरान उन्होंने हिंदी को राष्ट्रभाषा बताया था. सोशल मीडिया पर विरोध के बाद अभिनेता ने सफाई देते हुए माफी मांगी और कहा कि वह बोलते समय कन्फ्यूज हो गए थे.

babli
Edited By: Babli Rautela
‘हिंदी राष्ट्रभाषा है’ बोलना शिवराजकुमार को पड़ा भारी, बवाल के बाद मांगी माफी; बोले- मुझसे गलती हो गई
Courtesy: Social Media

कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार शिवराजकुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ओरिजिनल मॉन्स्टर को लेकर चर्चा में हैं. हालांकि फिल्म के प्रमोशन के बीच उनका एक बयान सुर्खियों में आ गया. एक इवेंट के दौरान हिंदी को राष्ट्रभाषा कहने पर सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा.

मामला बढ़ने के बाद शिवराजकुमार ने अपने बयान पर सफाई दी और माफी भी मांगी. अभिनेता ने कहा कि वह उस वक्त कन्फ्यूज हो गए थे और इसी वजह से गलत शब्द का इस्तेमाल कर बैठे.

क्या कहा था शिवराजकुमार ने?

ओरिजिनल मॉन्स्टर के टाइटल लॉन्च इवेंट में शिवराजकुमार से फिल्म में हिंदी डायलॉग बोलने को लेकर सवाल किया गया था. फिल्म कन्नड़ के साथ हिंदी में भी बनाई जा रही है. सवाल के जवाब में अभिनेता ने कहा था कि हिंदी उनकी दूसरी भाषा है और वह इसे आसानी से बोल सकते हैं. इसी बातचीत के दौरान उन्होंने हिंदी को राष्ट्रभाषा कह दिया. उनके इस बयान का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद कई यूजर्स ने भाषा को लेकर अभिनेता की टिप्पणी पर सवाल उठाए और उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा.

बवाल बढ़ने पर शिवराजकुमार ने मांगी माफी

बुधवार को फिल्म के एक प्रमोशनल इवेंट में शिवराजकुमार ने अपने पुराने बयान पर सफाई दी. उन्होंने माना कि उन्होंने हिंदी को राष्ट्रभाषा कह दिया था, जबकि उनका ऐसा कहने का इरादा नहीं था. अभिनेता ने कहा कि वह उस समय कन्फ्यूज हो गए थे और उन्हें बाद में एहसास हुआ कि उन्होंने गलत शब्द का इस्तेमाल किया. उन्होंने इस गलती के लिए माफी भी मांगी.

शिवराजकुमार ने यह भी कहा कि कन्नड़ उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. जिस तरह कन्नड़ उनके लिए अहम है, उसी तरह हिंदी बोलने वाले लोगों के लिए हिंदी और अन्य भाषाएं महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने किसी भी भाषा को कमतर आंकने की बात से इनकार किया.

भाषा का मुद्दा क्यों बन गया विवाद की वजह

भारत में भाषा का मुद्दा लंबे समय से संवेदनशील रहा है. खासकर दक्षिण भारतीय सिनेमा और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बीच पैन इंडिया फिल्मों का चलन बढ़ने के बाद भाषाओं को लेकर बहस अक्सर सोशल मीडिया पर देखने को मिलती है. ऐसे माहौल में किसी लोकप्रिय अभिनेता का हिंदी को राष्ट्रभाषा बताना तुरंत चर्चा का विषय बन गया. हालांकि शिवराजकुमार की सफाई के बाद उन्होंने यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि उनका उद्देश्य किसी भाषा या भाषाई समुदाय को लेकर टिप्पणी करना नहीं था.