menu-icon
India Daily

डेल्ही बेली के बाद फिर साथ आएंगे आमिर खान और वीर दास, अनाउंसमेंट वीडियो देख आ जाएगा मजा

आमिर खान प्रोडक्शंस की नई फिल्म हैप्पी पटेल में वीर दास पहली बार निर्देशन कर रहे हैं और मोना सिंह के साथ लीड रोल निभा रहे हैं. अनाउंसमेंट वीडियो में आमिर और वीर की मजेदार नोकझोंक ने फिल्म के हटके अंदाज को पहले ही वायरल बना दिया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
डेल्ही बेली के बाद फिर साथ आएंगे आमिर खान और वीर दास, अनाउंसमेंट वीडियो देख आ जाएगा मजा
Courtesy: Instagram

आमिर खान प्रोडक्शंस ने आखिरकार अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट हैप्पी पटेल खतरनाक जासूस का अनाउंसमेंट कर दिया है. इस फिल्म में कॉमेडियन और एक्टर वीर दास निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं और मोना सिंह के साथ अहम किरदार निभा रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि यह वीर दास का डायरेक्टोरियल डेब्यू है और आमिर खान के साथ उनका 14 साल बाद दोबारा कोलेबोरेशन भी. इससे पहले दोनों डेल्ही बेली में साथ काम कर चुके हैं.

फिल्म की घोषणा एक हटके और मजेदार वीडियो के जरिए की गई, जिसने इंटरनेट पर तेजी से चर्चा बटोरी. वीडियो में आमिर खान वीर दास से पूछते दिखते हैं कि फिल्म में एक्शन, रोमांस और आइटम नंबर को कैसे शामिल किया जाएगा. आमिर ऑडियंस की प्रतिक्रिया को लेकर परेशान नजर आते हैं, जबकि वीर दास फिल्म को लेकर पूरी तरह उत्साहित दिखाई देते हैं. वीडियो के बीच बीच में कई लोग फिल्म की तारीफ करते हुए दिखते हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि हैप्पी पटेल सिर्फ एक स्पाई फिल्म नहीं बल्कि सटायर, ह्यूमर और एक्सपेरिमेंटल कहानी का अनोखा मिश्रण होगी. अनाउंसमेंट के बाद सोशल मीडिया पर इस नए अंदाज की जमकर तारीफ हो रही है.

हैप्पी पटेल की कहानी में स्पाई जॉनर 

हैप्पी पटेल उन प्रोजेक्ट्स में से है जिसे आमिर खान प्रोडक्शंस ने खास तौर पर यूनिक और क्रिएटिव सिनेमा के लिए डिजाइन किया है. इस फिल्म के जरिए स्टूडियो एक बार फिर पारंपरिक जासूसी कहानियों से हटकर कुछ ताजा और दिलचस्प पेश करने की कोशिश कर रहा है.

वीडियो से साफ संकेत मिलता है कि यह फिल्म स्पाई जॉनर को पूरी तरह नए तरीके से पेश करेगी. जहां आमतौर पर जासूसी फिल्में भारी एक्शन और सीरियस टोन के साथ आती हैं, वहीं हैप्पी पटेल हल्का फुल्का हास्य, व्यंग्य और एक क्रिएटिव नैरेटिव का मेल होगी.

वीर दास का डायरेक्टोरियल डेब्यू 

वीर दास एक ऐसे एक्टर और कॉमेडियन हैं जो लगातार एक्सपेरिमेंट करते रहे हैं. उनके ग्लोबल स्टैंड अप स्पेशल और फिल्मों जैसे गो गोवा गॉन, बदमाश कंपनी और डेल्ही बेली में उनकी परफॉर्मेंस हमेशा अलग पहचान छोड़ती रही है. इस बार वह निर्देशन की कुर्सी पर बैठकर दर्शकों को एक बिल्कुल नया अनुभव देने वाले हैं. उनकी कॉमिक टाइमिंग, इंटरनेशनल अपील और नए तरह की कहानियों को पेश करने का नजरिया इस फिल्म के लिए सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है.

आमिर खान प्रोडक्शंस ने इस फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है. हैप्पी पटेल 16 जनवरी 2026 को थिएटर में रिलीज होगी. फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो ने इंडस्ट्री में भी उत्सुकता बढ़ा दी है, क्योंकि यह प्रोजेक्ट आमिर खान प्रोडक्शंस की उस रचनात्मक दिशा को आगे बढ़ाता है जो हमेशा नए आइडिया और नई जॉनर फिल्मों को बढ़ावा देती रही है.