Dada First Look Out: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सौरव गांगुली आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर उनकी बायोपिक फिल्म 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला लुक रिलीज कर दिया गया है. फिल्म में सौरव गांगुली का रोल निभा रहे राजकुमार राव ने लॉर्ड्स बालकनी वाली उस मशहूर शर्टलेस सेलिब्रेशन को बखूबी दोहराया है, जो क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में आज भी ताजा है.
2002 के नेटवेस्ट सीरीज फाइनल की वो यादगार शाम... इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से जीत दर्ज की थी. मैच जीतते ही भावुक सौरव गांगुली ने अपनी जर्सी उतारकर लॉर्ड्स की बालकनी से लहराई थी. ये पल भारतीय क्रिकेट का सबसे आइकॉनिक जश्न बन गया. अब राजकुमार राव उसी लुक में नजर आ रहे हैं. पोस्टर देखकर फैंस का जोश हाई हो गया है.
राजकुमार राव ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- 'Happy Birthday our dearest Dada.' एक साथ उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी. 'दादा' 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
फिल्म सौरव गांगुली की पूरी जर्नी पर आधारित है – बंगाल के इस राजकुमार से भारतीय टीम के सफल कप्तान बनने तक की कहानी. गांगुली ने न सिर्फ टीम को आक्रामक बनाया, बल्कि विदेशी धरती पर जीत दिलाने का जज्बा भी जगाया. उनकी अगुवाई में भारत ने ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों को भी घर में और बाहर चुनौती दी.
राजकुमार राव को इस रोल के लिए काफी पसंद किया जा रहा है. पिछले कुछ सालों में फिल्मों में बेहतरीन एक्टिंग करने वाले राजकुमार अब क्रिकेट बायोपिक में अपनी एक और यादगार भूमिका जोड़ने वाले हैं. फैंस को उम्मीद है कि वो स्क्रीन पर 'दादा' की बहादुरी, जिद और भावुकता को पूरी तरह दिलों में उतार देंगे. अब सबकी निगाहें 2027 के मई महीने पर टिकी हैं, जब बड़े पर्दे पर 'दादा' का सफर शुरू होगा.