menu-icon
India Daily

NEET के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ी, जानें आवेदन शुल्क और आधिकारिक वेबसाइट की पूरी डिटेल

NEET UG 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 11 मार्च कर दी गई है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा 3 मई को आयोजित होगी और प्रक्रिया में कुछ नए सुरक्षा नियम भी जोड़े गए हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
NEET के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ी, जानें आवेदन शुल्क और आधिकारिक वेबसाइट की पूरी डिटेल
Courtesy: pinterest

मेडिकल की पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए अहम खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. पहले यह प्रक्रिया 8 मार्च को समाप्त होने वाली थी, लेकिन अब उम्मीदवार 11 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा. इस साल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में कुछ नए सुरक्षा फीचर भी जोड़े गए हैं, जिससे पहचान सत्यापन और पारदर्शिता को मजबूत किया जा सके.

आवेदन की नई अंतिम तारीख

NEET UG 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख अब 11 मार्च तय की गई है. जिन छात्रों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, वे आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.

ऐसे करें NEET UG के लिए आवेदन

आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां ‘New Registration’ लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर आवेदन नंबर और पासवर्ड बनाएं. लॉगिन करके पूरा आवेदन फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें. अंत में फॉर्म सबमिट करके उसकी PDF सेव करें और प्रिंट आउट निकाल लें.

 आवेदन शुल्क की जानकारी

इस परीक्षा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1700 रुपये जमा करने होंगे. वहीं General EWS और OBC-NCL वर्ग के लिए शुल्क 1600 रुपये रखा गया है. SC, ST, PwBD और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों को 1000 रुपये का शुल्क देना होगा. विदेशी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 9500 रुपये तय किया गया है.

परीक्षा की तारीख और समय

NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. कुल परीक्षा अवधि 180 मिनट यानी तीन घंटे होगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें ताकि सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें.

 इस बार रजिस्ट्रेशन में क्या नया

इस साल आवेदन प्रक्रिया में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. पहचान सत्यापन के लिए Aadhaar eKYC अनिवार्य किया गया है. इसके साथ ही फॉर्म जमा करते समय लाइव फोटो कैप्चर करनी होगी, जिसे आधार की फोटो से मिलान किया जाएगा. परीक्षा शहर का चयन भी अब उम्मीदवार के स्थायी या वर्तमान पते के आधार पर किया जाएगा.