menu-icon
India Daily

रातोंरात करोड़पति बना बेल्डर, SpaceX के शेयरों ने दिला दिए 10 करोड़

स्पेसएक्स के पूर्व कर्मचारी जुआन हर्नांडेज के छोटे से शेयर आज करीब 10 करोड़ रुपये के मालिक बन चुके हैं. यह कहानी सिखाती है कि कंपनी के शेयरों में किया गया लंबा निवेश कैसे आम इंसान की किस्मत बदल सकता है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
रातोंरात करोड़पति बना बेल्डर, SpaceX के शेयरों ने दिला दिए 10 करोड़
Courtesy: x

कई बार नौकरी के साथ मिलने वाले छोटे-छोटे फायदे भविष्य में किस्मत बदल देते हैं. एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी 'स्पेसएक्स' के पूर्व कर्मचारी जुआन हर्नांडेज के साथ भी ऐसा ही हुआ. कभी साधारण वेल्डर का काम करने वाले जुआन ने सपने में भी नहीं सोचा था कि नौकरी के वक्त मिले चंद शेयर उन्हें करोड़पति बना देंगे. आज उन शेयरों की कीमत करीब 10 करोड़ हो चुकी है और उनकी यह कामयाबी सोशल मीडिया से लेकर हर जगह चर्चा का विषय बन गई है.

साधारण नौकरी से करोड़पति बनने का सफर

जुआन हर्नांडेज ने साल 2015 में स्पेसएक्स कंपनी में एक वेल्डर के तौर पर अपना काम शुरू किया था. खबरों की मानें तो उनके एक दोस्त ने उन्हें इस नौकरी के बारे में बताया था. उस समय जुआन के लिए यह सिर्फ पेट पालने का एक जरिया थी और उन्हें कंपनी के इतने शानदार भविष्य का कोई अंदाजा नहीं था. जॉइनिंग के वक्त कंपनी ने उन्हें करीब 10000 डॉलर के शेयर दिए थे. जुआन ने पहले कभी ऐसा कुछ देखा नहीं था इसलिए उन्होंने शुरुआत में इन शेयरों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया. लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई.

जब शेयरों की कीमत आसमान छू गई

स्पेसएक्स के धमाकेदार बिजनेस और मार्केट वैल्यू बढ़ने का सबसे बड़ा फायदा उसके कर्मचारियों को मिला. जैसे ही बाजार में कंपनी की साख बढ़ी इसके शेयरों की कीमतें रॉकेट की तरह ऊपर भागने लगीं. जुआन के पास उस वक्त के करीब 6,500 शेयर मौजूद थे. जब एक शेयर की कीमत बढ़कर 160.95 डॉलर पर पहुंची तो जुआन की कुल हिस्सेदारी का मूल्य भारतीय रुपयों में लगभग 10 करोड़ रुपये के पार हो गया. यह इस बात का जीता-जागता सबूत है कि अगर कंपनी तरक्की करती है तो उसमें काम करने वाले छोटे कर्मचारी भी अमीर बन सकते हैं.

इतनी बड़ी रकम, फिर भी काम रहेगा जारी

खास बात यह है कि बैंक अकाउंट में 10 करोड़ रुपये आने के बाद भी जुआन के पैर जमीन पर हैं और उन्होंने काम छोड़ने का कोई मन नहीं बनाया है. स्पेसएक्स में उन्होंने लॉन्चिंग पैड बनाने से लेकर सुपरवाइजर तक का काम संभाला था और फिलहाल वे 'ब्लू ओरिजिन' कंपनी के साथ काम कर रहे हैं. जुआन का मानना है कि जब कंपनियों में कर्मचारियों को शेयर मिलते हैं तो वे काम को अपनी जिम्मेदारी समझने लगते हैं. अब जुआन अपनी इस कामयाबी के बाद अपने बच्चों को निवेश का पाठ पढ़ा रहे हैं और अपनी बेटी को भी शेयर बाजार की बारीकियां सिखा रहे हैं.