menu-icon
India Daily

रुपए में लौटी तेजी, डॉलर के मुकाबले 53 पैसे की मजबूती के साथ हुआ बंद, जानें क्या रहे कारण

अमेरिका और ईरान के बीच जल्द शांति समझौता होने की संभावनाओं और कच्चे तेल के दामों में आई गिरावट ने रुपये को मजबूती देने का काम किया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
रुपए में लौटी तेजी, डॉलर के मुकाबले 53 पैसे की मजबूती के साथ हुआ बंद, जानें क्या रहे कारण
Courtesy: pinterest

शुक्रवार को रुपए डॉलर के मुकाबले 53 पैसे मजबूत होकर 95.05 रुपए पर बंद हुआ. अमेरिका और ईरान के बीच जल्द शांति समझौता होने की संभावनाओं और कच्चे तेल के दामों में आई गिरावट ने रुपये को मजबूती देने का काम किया. बता दें कि अमेरिका और ईरान युद्धविराम समझौते को 60 दिन के लिए बढ़ाने पर समहत हो गए हैं. गुरुवार को अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों ने युद्धविराम समझौते को 60 दिन के लिए बढ़ाने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अगले दौर की बातचीत करने पर सहमति जताई.

इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट पर रुपए डॉलर के मुकाबले 95.77 पर खुला और इंट्राडे में यह 94.97 के हाई पर पहुंच गया.
शुक्रवार को ट्रेडिंग सत्र खत्म होने पर रुपया अपने पिछले बंद से 53 पैसे उछलकर 95.05 (अस्थायी) पर बंद हुआ. बुधवार को रुपया 12 पैसे की मजबूती के साथ डॉलर के मुकाबले 95.58 रुपए पर बंद हुआ था. गुरुवार को ईद के कारण घरेलू शेयर बाजार और विदेशी मुद्रा बाजार बंद रहे.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिला सपोर्ट

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी रुपए को डॉलर के मुकाबले सपोर्ट किया. मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा, 'वैसे तो ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता को लेकर पहल काफी आगे बढ़ चुकी है लेकिन कोई भी नया तनाव रुपए पर फिर से दबाव बना सकता है.' इसी बीच डॉलर सूचकांक जो 6 मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मांपता है, 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ 99.13 प कारोबार कर रहा था.

एमपीसी की बैठक पर निवेशकों की नजर

फॉरेक्स ट्रेडर्स का कहना है कि अब उनका पूरा ध्यान 3 से 5 जून के बीच होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) पर है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बैठक में आरबीआई ब्याज दरों को बढ़ा सकता है या  यथास्थिति बनाए रखने का फैसला ले सकता है. हालांकि बड़ा सवाल ये है कि क्या आरबीआई मुद्रास्फिति के प्रबंधन के साथ-साथ मौद्रिक स्थिरता को प्राथमिकता देने का विकल्प चुन सकता है. घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो सेंसेक्स 1,092.06 पॉइंट गिरकर 74,775.74 पर बंद हुआ वहीं निफ्टी 359.40 अंक गिरकर 23,547.75 पर बंद हुआ. एक्सचेंज डाटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को इक्विटी मार्केट में 1,042.70 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे.