देशभर में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के प्रमुख शहरों में वाहन चालकों को आज भी पुराने दाम पर ही पेट्रोल-डीजल मिल रहा है. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है.
इस बीच केंद्र सरकार ने डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाली एक्सपोर्ट लेवी बढ़ा दी है. इसके बावजूद घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर इसका तत्काल असर नहीं पड़ा है.
केंद्र सरकार ने सोमवार देर रात जारी आदेश में डीजल के निर्यात पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का फैसला किया. वित्त मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, डीजल एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी 11.50 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 14 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. वहीं, एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के निर्यात पर भी एक्सपोर्ट लेवी बढ़ाई गई है.
हालांकि, घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है. सरकार ने पेट्रोल के निर्यात शुल्क में भी कोई बदलाव नहीं किया. यही वजह है कि मंगलवार को देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के खुदरा दाम स्थिर बने रहे.
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें सभी राज्यों और शहरों में एक जैसी नहीं होती हैं. इसकी प्रमुख वजह वैल्यू एडेड टैक्स यानी VAT और अन्य स्थानीय शुल्क हैं. इसके अलावा परिवहन लागत, फ्रेट चार्ज और क्षेत्रीय परिस्थितियां भी ईंधन की कीमतों को प्रभावित करती हैं.
इसी कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और अन्य राज्यों में पेट्रोल-डीजल के दाम अलग-अलग हो सकते हैं. तेल कंपनियां रोजाना सुबह छह बजे ईंधन की कीमतों की समीक्षा कर नई दरें जारी करती हैं. वाहन चालकों को अपने शहर के ताजा रेट की जानकारी आधिकारिक तेल कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से लेनी चाहिए.
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल कटौती की संभावना को लेकर बयान दिया. उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से फिलहाल ईंधन की कीमतों में तुरंत कमी करना संभव नहीं है. उनके मुताबिक, तेल कंपनियों को करीब 42,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था भी चुनौतियों का सामना कर रही है.
मीनांबक्कम एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान गोपी ने कहा कि भले ही लोग चाहते हैं कि अगले दिन से पेट्रोल-डीजल सस्ता हो जाए, लेकिन इसके लिए तेल कंपनियों की आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकारें पेट्रोल पर लगने वाले टैक्स में कटौती कर सकती हैं. हालांकि, कीमतों में तत्काल कमी करने से पहले तेल कंपनियों के नुकसान की भरपाई पर विचार करना जरूरी है.
मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. वैश्विक स्तर पर तेल की सप्लाई बढ़ने की उम्मीदों के बीच ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 0.5 फीसदी गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमत भी 0.5 फीसदी घटकर 85.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई.
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में टैंकरों पर हमलों के बावजूद क्षेत्र से तेल निर्यात में सुधार हुआ है. इससे वैश्विक बाजार में सप्लाई बाधित होने की आशंकाएं कुछ कम हुई हैं.
पिछले सप्ताह इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने अनुमान जताया था कि इस साल की चौथी तिमाही में वैश्विक तेल बाजार में एक बार फिर सप्लाई सरप्लस की स्थिति बन सकती है. इसकी वजह मिडिल ईस्ट से तेल निर्यात में सुधार और वैश्विक मांग की तुलना में सप्लाई का तेजी से बढ़ना है.
दूसरी ओर, अमेरिका के स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व में भी गिरावट दर्ज की गई है. अमेरिकी ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सप्ताह इसका भंडार घटकर 276.4 मिलियन बैरल रह गया, जो अगस्त 1982 के बाद का सबसे निचला स्तर है. ऐसे में आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का रुख काफी अहम रहने वाला है.
फिलहाल भारतीय उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के खुदरा दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है.