भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की बातचीत अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि दोनों देश प्रस्तावित ट्रेड डील से जुड़े ज्यादातर मुद्दों को सुलझा चुके हैं. अब कुछ ही विषयों पर सहमति बनना बाकी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जयशंकर ने जल्द समझौता पूरा होने की उम्मीद जताई है.
HT लीडरशिप समिट में बातचीत के दौरान जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका ट्रेड डील की फिनिशिंग लाइन के करीब हैं. उन्होंने बताया कि बचे हुए कई मुद्दे अब भारत की तरफ से नहीं, बल्कि अमेरिकी पक्ष की ओर से हैं. उनके मुताबिक, बातचीत के दौरान अमेरिका की तरफ से भारत की तुलना में ज्यादा बदलाव किए गए हैं.
जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों को उम्मीद है कि समझौते को जल्द अंतिम रूप दे दिया जाएगा. हालांकि, बातचीत के आखिरी दौर में दोनों पक्षों की ओर से जल्द नतीजे की उम्मीद करना स्वाभाविक है.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में अमेरिका जाने की संभावना है. मियामी में 14 और 15 दिसंबर को होने वाले G20 शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हो सकती है. माना जा रहा है कि दोनों नेता इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों और व्यापार समझौते की प्रगति पर चर्चा कर सकते हैं. इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पिछले महीने मुंबई में कहा था कि दोनों देश व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं.
भारत और अमेरिका के बीच 2025 की शुरुआत से प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है. इसका उद्देश्य टैरिफ से जुड़े विवादों को सुलझाना, गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करना और दोनों देशों के बाजारों में एक-दूसरे की पहुंच आसान बनाना है. भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके उत्पादों को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर टैरिफ का लाभ मिले.
जयशंकर ने कहा कि भारत ऐसा व्यापार समझौता चाहता है, जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद और संतुलित हो. साथ ही इससे भारत को समान स्तर की दूसरी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बढ़त मिलनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि भारत के शुरुआती मुक्त व्यापार समझौते (FTA) एशिया की कई प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं के साथ हुए थे, लेकिन उनसे जितने फायदे की उम्मीद थी, वे पूरी तरह हासिल नहीं हो सके. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में किए गए व्यापार समझौतों का आर्थिक और रणनीतिक पहलुओं को ध्यान में रखकर ज्यादा गंभीरता से आकलन किया गया है.
विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के साथ भारत का सबसे बड़ा बाजार भी है. ऐसे में उसके साथ व्यापार समझौता देश के लिए फायदेमंद हो सकता है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अलग-अलग देशों के साथ द्विपक्षीय समझौते कर अमेरिकी बाजार के लिए नए अवसर तलाश रहे हैं.
जयशंकर के मुताबिक, टैरिफ पर सहमति बनाने के लिए दोनों देशों ने हर उत्पाद की श्रेणी के हिसाब से विस्तार से बातचीत की है. इस प्रक्रिया में काफी समय लगा, क्योंकि इसका असर लोगों की नौकरियों और आजीविका पर पड़ता है. उन्होंने कहा कि अब दोनों देश लगभग अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं और उम्मीद है कि जल्द इस समझौते को पूरा कर लिया जाएगा.