दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर एलन मस्क ने एक ही दिन में अपनी दौलत में रिकॉर्ड 164 अरब डॉलर जोड़कर सबको हैरान कर दिया है. 'ब्लूमबर्ग बिलियनेर्स इंडेक्स' के मुताबिक SpaceX के शेयरों में आई भारी तेजी की बदौलत मस्क की कुल संपत्ति अब 1.27 ट्रिलियन डॉलर के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है. मस्क की इस एक दिन की कमाई की ताकत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट की कुल जीवनभर की जमा-पूंजी करीब 148 अरब डॉलर है यानी मस्क ने 24 घंटे में बफेट की कुल दौलत से भी ज्यादा कमा लिया.
इस जबरदस्त उछाल के बाद मस्क दुनिया के बाकी अमीरों से मीलों आगे निकल गए हैं. इस लिस्ट में गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज 314 अरब डॉलर के साथ दूसरे सर्गेई ब्रिन 292 अरब डॉलर के साथ तीसरे और जेफ बेजोस 267 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे नंबर पर हैं.
मस्क की संपत्ति रॉकेट की रफ्तार से बढ़ने की सबसे बड़ी वजह उनकी एयरोस्पेस कंपनी 'स्पेसएक्स' के शेयरों में आई जबरदस्त तेजी है. शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री के बाद कंपनी का स्टॉक करीब 20% उछलकर 192.46 डॉलर पर बंद हुआ. इस शानदार तेजी के साथ ही स्पेसएक्स मार्केट वैल्यू के मामले में अमेरिका की छठी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है.
गौरतलब है कि स्पेसएक्स ने अपने आईपीओ के जरिए 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर 55.5 करोड़ से अधिक शेयर बेचकर रिकॉर्ड 75 अरब डॉलर जुटाए थे. कंपनी पर निवेशकों का भरोसा इस कदर मजबूत है कि इसकी वैल्यू लगातार आसमान छू रही है.
एलन मस्क की इस अकूत संपत्ति के पीछे स्पेसएक्स में उनकी बड़ी हिस्सेदारी है. सरकारी दस्तावेजों के अनुसार मस्क के पास कंपनी के करीब 4.8 अरब शेयर और 35 करोड़ स्टॉक ऑप्शंस हैं. कुल मिलाकर कंपनी में उनकी हिस्सेदारी लगभग 38% है. यही वजह है कि स्पेसएक्स मस्क की कमाई का सबसे बड़ा जरिया बन चुकी है.
निवेशकों का जोश तब और बढ़ गया जब मस्क ने दावा किया कि स्पेसएक्स साल 2030 तक सालाना 1 ट्रिलियन डॉलर का रेवेन्यू हासिल कर सकती है. हालांकि कंपनी ने साल 2025 में 18.7 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया था और अभी तक मुनाफे में नहीं आई है लेकिन मस्क के इस बड़े भरोसे ने बाजार में हलचल मचा दी है.
भले ही बाजार में स्पेसएक्स का जलवा दिख रहा हो लेकिन मार्केट एक्सपर्ट्स ने निवेशकों को थोड़ा संभलकर रहने की सलाह दी है. जानकारों का मानना है कि कंपनी अभी नई-नई शेयर बाजार में आई है और इसकी वैल्यूएशन पहले से ही बहुत ज्यादा है इसलिए आने वाले दिनों में इसके शेयरों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
हालांकि बड़े संस्थागत निवेशकों की तरफ से इसकी मांग बनी रहने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि स्पेसएक्स को जल्द ही नैस्डैक-100 (Nasdaq-100) और एमएससीआई (MSCI) जैसे बड़े इंडेक्स में शामिल किया जा सकता है जिससे इसमें अरबों डॉलर का नया निवेश आ सकता है.
मस्क की संपत्ति पिछले कुछ समय में बेहद तेजी से बढ़ी है. पिछले साल अक्टूबर में उनकी नेटवर्थ 500 अरब डॉलर के पार थी, जो दिसंबर में 600 अरब डॉलर और फिर जल्द ही 700 अरब डॉलर के पार निकल गई. अब टेक्नोलॉजी और स्पेस बिजनेस की लगातार ग्रोथ के दम पर वे 1 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने हुए हैं.