अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव और अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के चलते घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर वायदा के लिए सोना 1.38 प्रतिशत गिरकर 1,50,673 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं, दिसंबर वायदा की चांदी 1.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,30,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई.
हाजिर बाजार (Spot Market) में भी सोने-चांदी के तेवर ढीले पड़े. घरेलू हाजिर सोना 1,51,549 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि हाजिर चांदी फिसलकर 2,29,113 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. अंतरराष्ट्रीय मंच (Comex) पर सोना 1.79 प्रतिशत गिरकर 4,330 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.77 प्रतिशत घटकर 63 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी.
बोनांजा पोर्टफोलियो के वरिष्ठ विश्लेषक नृपेंद्र यादव के अनुसार, अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) अगस्त में 3.4 प्रतिशत बढ़ा है, जिससे महंगाई की चिंताएं बढ़ गई हैं. मजबूत डॉलर, बढ़ती अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की उम्मीदों ने सोने पर दबाव बनाया है. इसके अलावा, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भी महंगाई का दबाव बढ़ा रही हैं.
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अल्पकालिक अवधि में सोने को लेकर सतर्क रुख बना रहेगा. हाजिर सोने के लिए 4,300 से 4,280 डॉलर प्रति औंस का स्तर बेहद अहम सपोर्ट है. यदि यह इस स्तर से नीचे गिरता है तो बिकवाली बढ़ सकती है, जबकि इसके ऊपर बने रहने पर निचले स्तरों से खरीदारी लौटने की संभावना है.