menu-icon
India Daily

पेट्रोल से छुटकारा चाहते हैं? सिर्फ 1 लाख देकर घर लाएं MG Comet EV, जानें हर महीने कितनी देनी होगी किस्त

अगर आप पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं तो MG Comet EV आपके लिए किफायती विकल्प हो सकती है. 1 लाख रुपये की डाउन पेमेंट पर यह इलेक्ट्रिक कार कितनी EMI में मिलेगी, जानें पूरा फाइनेंस प्लान और फीचर्स की जानकारी.

babli
Edited By: Babli Rautela
पेट्रोल से छुटकारा चाहते हैं? सिर्फ 1 लाख देकर घर लाएं MG Comet EV, जानें हर महीने कितनी देनी होगी किस्त
Courtesy: India Daily

नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में अगर आप कम बजट में एक भरोसेमंद इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं तो MG Comet EV आपके लिए बेहतरीन विकल्प बन सकती है. 7.49 लाख रुपये की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत वाली यह कार देश की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कारों में गिनी जाती है.

अब सवाल यह है कि अगर आप 1 लाख रुपये की डाउन पेमेंट करते हैं तो हर महीने कितनी EMI भरनी होगी और कुल खर्च कितना बैठेगा. आइए आसान भाषा में पूरा हिसाब समझते हैं.

कितनी है ऑन रोड कीमत और लोन अमाउंट?

MG Comet EV की ऑन रोड कीमत करीब 7.82 लाख रुपये से शुरू होती है. यह कीमत शहर के हिसाब से थोड़ी ऊपर नीचे हो सकती है. अगर आप 1 लाख रुपये डाउन पेमेंट करते हैं तो आपको लगभग 6.82 लाख रुपये का कार लोन लेना होगा. मान लें कि बैंक आपको 9.8 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर 5 साल के लिए लोन देता है.

इस गणना के अनुसार आपको हर महीने लगभग 14,425 रुपये की EMI भरनी होगी. पांच साल यानी 60 महीनों में कुल भुगतान करीब 8.65 लाख रुपये तक पहुंच जाएगा. इसमें मूल लोन राशि और ब्याज दोनों शामिल होंगे. अगर आपकी मासिक आय 30 हजार रुपये के आसपास है तो भी आप बजट प्लानिंग के साथ इस कार को खरीद सकते हैं. हालांकि लोन लेने से पहले अपने खर्च और बचत का आकलन जरूर करें.

शहर के लिए परफेक्ट कॉम्पैक्ट EV

MG Comet EV एक कॉम्पैक्ट 4 सीटर इलेक्ट्रिक कार है जिसे खासतौर पर शहर में चलाने के लिए डिजाइन किया गया है. इसका छोटा साइज ट्रैफिक और तंग गलियों में ड्राइविंग को आसान बनाता है. इसमें 17.3 kWh की लीथियम आयन बैटरी दी गई है. कंपनी के अनुसार यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 230 किलोमीटर तक चल सकती है. डेली ऑफिस या शहर के कामकाज के लिए यह रेंज पर्याप्त मानी जाती है. यह कार एसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आती है जिससे बैटरी को कम समय में चार्ज किया जा सकता है.

सेफ्टी और टेक्नोलॉजी फीचर्स

सुरक्षा के लिहाज से MG Comet EV में डुअल एयरबैग्स दिए गए हैं. इसके अलावा रियर पार्किंग कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और डिस्क ब्रेक्स जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं. गाड़ी में ABS और EBD जैसी सेफ्टी टेक्नोलॉजी दी गई है जो ब्रेकिंग के दौरान बेहतर कंट्रोल देती है. पावर फोल्डिंग ORVMs और डिजिटल फीचर्स इसे और आधुनिक बनाते हैं.