menu-icon
India Daily

नेपाली पहाड़ों पर 'मेड इन इंडिया' इलेक्ट्रिक स्कूटर का जलवा, Ampere Nexus हुआ लॉन्च

नेपाल के चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाकों में अब भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर की ताकत दिखेगी. ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने अपने फ्लैगशिप मॉडल Ampere Nexus को नेपाल में लॉन्च कर दिया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
नेपाली पहाड़ों पर 'मेड इन इंडिया' इलेक्ट्रिक स्कूटर का जलवा, Ampere Nexus हुआ लॉन्च
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: पड़ोसी देश नेपाल में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जहां ऊबड़-खाबड़ रास्ते और ऊंचाई वाली चोटियां रोजमर्रा की चुनौती बन जाती हैं. ऐसे में भारतीय कंपनी ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने बड़ा कदम उठाया है. अपनी अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी बढ़ाते हुए कंपनी ने नेपाल में एम्पीयर नेक्सस इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है. यह नेपाल का पहला अंतरराष्ट्रीय बाजार है जहां यह 'मेड इन इंडिया' स्कूटर पहुंचा है. 

पहाड़ी इलाकों में भी भरोसेमंद साबित

एसटीसी ऑटो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ हाथ मिलाकर कंपनी ने नेपाल में मजबूत आधार बनाया है. एम्पीयर नेक्सस को खासतौर पर नेपाल की कठिन भौगोलिक स्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो न सिर्फ शहरों में बल्कि दुर्गम पहाड़ी इलाकों में भी भरोसेमंद साबित होगा.

पहाड़ों पर भारत का दमखम

एम्पीयर नेक्सस ने भारतीय बाजार में पहले ही कमाल दिखाया है. इसने कोल्ली हिल्स के 70 हेयरपिन मोड़ों को पार किया और 13,200 फीट ऊंचे शिपकी ला पास पर चढ़ाई पूरी की. एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में यह उपलब्धि दर्ज है. नेपाल की ऊंची चोटियों और तीखी ढलानों के लिए यह स्कूटर बिल्कुल फिट बैठता है.

एलएफपी बैटरी की ताकत

स्कूटर में 3 kWh लीथियम आयरन फॉस्फेट (एलएफपी) बैटरी लगी है, जो ठंडे-गर्म तापमान और लंबी चढ़ाई में स्थिर रहती है. कंपनी का दावा है कि रियल वर्ल्ड में 100 किमी तक रेंज मिलती है, जबकि क्लेम्ड 136 किमी तक जाती है. चार्जिंग सिर्फ 3.3 घंटे में पूरी हो जाती है.

आकर्षक फीचर्स और परफॉर्मेंस

7 इंच का टीएफटी डिस्प्ले, फुल-स्क्रीन मैप मिररिंग, नैविगेशन, कॉल कनेक्टिविटी और म्यूजिक कंट्रोल जैसे मॉडर्न फीचर्स हैं. 4 kW पीक पावर वाली मिड-ड्राइव मोटर से टॉप स्पीड 93 kmph तक पहुंचती है. चार राइडिंग मोड्स, 170 mm ग्राउंड क्लीयरेंस और मजबूत बिल्ड क्वॉलिटी इसे परिवार के लिए आदर्श बनाती है. 

नेपाल के लिए खास महत्व

ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के एमडी और सीएफओ विकास सिंह कहते हैं कि नेपाल का मोबिलिटी लैंडस्केप बिल्कुल अलग है. यहां प्रीमियम स्कूटर सिर्फ लग्जरी नहीं, बल्कि मजबूती, आराम और भरोसेमंद रेंज की जरूरत पूरी करते हैं. एम्पीयर नेक्सस ठीक इन्हीं मांगों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है. कंपनी आने वाले समय में नेपाल में अपनी मौजूदगी और बढ़ाएगी.