menu-icon
India Daily

Honda Rebel 300 ने मारी धांसू एंट्री, कीमत और फीचर्स जान रह जाएंगे हैरान

होंडा ने भारतीय बाजार में Rebel 300 लॉन्च की है. बॉबर डिजाइन वाली इस क्रूजर बाइक में 286 सीसी इंजन, 6-स्पीड गियरबॉक्स, TFT डिस्प्ले और ई-क्लच जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
Honda Rebel 300 ने मारी धांसू एंट्री, कीमत और फीचर्स जान रह जाएंगे हैरान
Courtesy: social media

क्रूजर बाइक पसंद करने वालों के लिए भारतीय बाजार में एक नया विकल्प सामने आया है. होंडा ने Rebel 300 को आकर्षक कीमत और आधुनिक तकनीक के साथ पेश किया है. कंपनी की यह बाइक अपने बॉबर लुक, दमदार इंजन और ई-क्लच तकनीक के कारण Royal Enfield और Jawa जैसी बाइक्स को चुनौती दे सकती है.

2.22 लाख रुपये से शुरू हुई कीमत

Honda Rebel 300 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.22 लाख रुपये रखी गई है. यह कीमत इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट की है. वहीं ई-क्लच तकनीक वाले मॉडल के लिए बेंगलुरु में 2.62 लाख रुपये एक्स-शोरूम कीमत तय की गई है. बाइक का भारत में ही निर्माण किया जा रहा है, जिसकी वजह से कंपनी इसे प्रतिस्पर्धी कीमत पर पेश कर पाई है.

Rebel 300 की बिक्री Honda BigWing डीलरशिप के माध्यम से होगी. कीमत के लिहाज से इसका मुकाबला Royal Enfield Goan Classic 350 से माना जा रहा है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.25 लाख रुपये से शुरू होती है. ऐसे में होंडा ने इस सेगमेंट में सीधे मुकाबले की तैयारी की है.

286 सीसी इंजन देगा दमदार प्रदर्शन

Rebel 300 में 286 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन लगाया गया है. यह इंजन 30 हॉर्सपावर की अधिकतम ताकत और 27.5 एनएम का पीक टॉर्क पैदा करता है. इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है और यही ट्रांसमिशन स्टैंडर्ड के साथ-साथ ई-क्लच वेरिएंट में भी मिलता है.

बाइक की सबसे खास तकनीकों में ई-क्लच शामिल है. इसके जरिए राइडर क्लच लीवर का इस्तेमाल किए बिना गियर बदल सकता है. शहर के भारी ट्रैफिक में यह सुविधा खास तौर पर उपयोगी हो सकती है, क्योंकि बार-बार रुकने और चलने के दौरान क्लच दबाने की जरूरत कम हो जाती है.

ई-क्लच के साथ मॉडर्न फीचर्स

ई-क्लच सिस्टम के बावजूद राइडर के पास जरूरत पड़ने पर मैनुअल तरीके से क्लच इस्तेमाल करने का विकल्प भी मौजूद रहता है. इसके अलावा बाइक में TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो Honda RoadSync कनेक्टिविटी के साथ काम करता है. इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा भी मिलती है.

सस्पेंशन सेटअप की बात करें तो आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर लगाए गए हैं. सुरक्षा के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल ABS दिया गया है. बाइक में 16 इंच के व्हील मिलते हैं, जबकि आगे 130 सेक्शन और पीछे 150 सेक्शन के टायर लगाए गए हैं.

बॉबर लुक में नजर आएगी Rebel 300

डिजाइन के मामले में Honda Rebel 300 को बॉबर स्टाइल दिया गया है, जो इसे पारंपरिक क्रूजर मोटरसाइकिलों से अलग पहचान देता है. इसमें टियरड्रॉप आकार का फ्यूल टैंक, गोल एलईडी हेडलैंप, टू-पीस सीट और छोटा एग्जॉस्ट दिया गया है. बाइक का पूरा डिजाइन आधुनिक और मस्कुलर अंदाज में तैयार किया गया है. होंडा ने इसमें लुक के साथ तकनीक का भी संतुलन बनाने की कोशिश की है.

ऐसे समय में जब क्रूजर सेगमेंट में खरीदारों के सामने सीमित विकल्प हैं, Rebel 300 की एंट्री मुकाबले को दिलचस्प बना सकती है. इसकी कीमत, ई-क्लच और फीचर्स इसे उन ग्राहकों के लिए आकर्षक बना सकते हैं जो पारंपरिक क्रूजर के साथ आधुनिक तकनीक भी चाहते हैं.