Auto Sector GST Changes: ऑटो सेक्टर में ग्राहकों के लिए खुशखबरी आई है. गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स यानी GST स्ट्रक्चर में बदलाव का सीधा असर अब कारों की कीमतों पर दिखने लगा है. हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड यानी HMIL ने अपनी कई लोकप्रिय कारों और एसयूवी की कीमत में भारी कटौती की घोषणा की है. ये नई कीमतें 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी जिसका ग्राहकों को फायदा मिलेगा.
कंपनी के मुताबिक, हुंडई की सबसे सस्ती कार ग्रैंड आई10 नियॉस पर 73808 रुपये की कटौती की गई है. इस समय इनकी कीमत 5.98 लाख से लेकर 8.65 लाख रुपये के बीच है. वहीं, कॉम्पैक्ट एसयूवी एक्स्टर की कीमत 89209 रुपये कम की गई है, जो अभी 6 लाख से 10.51 लाख रुपये के बीच उपलब्ध है. कंपनी की बेस्ट सेलिंग एसयूवी क्रेटा पर भी 71762 रुपये तक की कटौती की गई है. फिलहाल इसकी शुरुआती कीमत 11.11 लाख रुपये है. सबसे ज्यादा कटौती टक्सन एसयूवी पर की गई है, जिस पर 2.40 लाख रुपये तक कम कर दी गई है. टक्सन की मौजूदा शुरुआती कीमत 29.27 लाख रुपये है.
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, उनसू किम ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती एक ऐतिहासिक कदम है. इससे न केवल ऑटो सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा बल्कि ग्राहकों के लिए कार खरीदना भी और आसान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हुंडई लगातार अपने ग्राहकों को बेहतर वैल्यू और इनोवेशन देने के लिए काम कर रही है.
जीएसटी दरों में बदलाव के बाद छोटी कारों पर अब 28 प्रतिशत के बजाय 18 प्रतिशत टैक्स देना होगा. छोटी कारों की परिभाषा उन वाहनों के लिए है जिनकी लंबाई 4 मीटर से कम और इंजन क्षमता पेट्रोल के लिए 1200 सीसी तथा डीजल के लिए 1500 सीसी तक हो. वहीं बड़ी और लग्जरी कारों पर जीएसटी 40 प्रतिशत होगा, लेकिन इन पर अब पहले की तरह सेस नहीं लगेगा. पहले 28 प्रतिशत जीएसटी के ऊपर 22 प्रतिशत तक का सेस लगता था, जिससे बड़ी गाड़ियों पर टैक्स 50 प्रतिशत तक पहुंच जाता था.
इस बदलाव से अब लग्जरी और बड़ी कारें भी पहले से सस्ती हो गई हैं. त्योहारी सीजन से ठीक पहले आई यह राहत ग्राहकों के लिए कार खरीदने का बेहतरीन मौका साबित हो सकती है. उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इससे छोटी कारों की बिक्री में सालाना 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है.