menu-icon
India Daily

कार में ABS लाइट जलते ही क्यों खड़े हो जाते हैं ड्राइवर के कान? जानिए क्या है इसका मतलब

ABS सिस्टम हर पहिए की स्पीड को सेंसर के जरिए नजर रखती है. इससे खराब रास्ते पर मखमल की तरह पहियों की मदद करती है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
कार में ABS लाइट जलते ही क्यों खड़े हो जाते हैं ड्राइवर के कान? जानिए क्या है इसका मतलब
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: आपकी कार, SUV या ट्रक की डैशबोर्ड पर ABS वॉर्निंग लाइट अचानक जल उठे तो चिंता होना लाजमी है. एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) गाड़ी को अचानक ब्रेक लगाने पर पहियों के लॉक होने से बचाता है, खासकर फिसलन भरी सड़कों पर. अगर यह लाइट लगातार जल रही है तो इसका मतलब है कि ABS सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा. सामान्य ब्रेकिंग भले ही हो रही हो, लेकिन सुरक्षा का यह महत्वपूर्ण फीचर निष्क्रिय हो सकता है. इसे नजरअंदाज करना दुर्घटना का खतरा बढ़ा सकता है.

ABS सिस्टम के फायदे

ABS सिस्टम हर पहिए की स्पीड को सेंसर के जरिए लगातार चेक करता है. गीली, बर्फीली या फिसलन वाली सड़क पर ब्रेक लगाते समय अगर कोई पहिया लॉक होने लगे तो सिस्टम ब्रेक प्रेशर को तेजी से कम-ज्यादा करके गाड़ी को स्किड होने से बचाता है. इससे ड्राइवर को स्टीयरिंग पर बेहतर कंट्रोल मिलता है. लेकिन जब लाइट जलने लगे तो समझिए सिस्टम में कोई गड़बड़ी आ गई है.

ABS लाइट जलने का सबसे आम कारण

सबसे ज्यादा मामलों में व्हील स्पीड सेंसर की खराबी जिम्मेदार होती है. यह सेंसर हर पहिए की रफ्तार सही से नहीं पढ़ पाता तो कंप्यूटर को गलत सिग्नल मिलता है और लाइट जल जाती है. कई बार सड़क की धूल-मिट्टी या पानी के कारण सेंसर गंदा हो जाता है या खराब हो जाता है. अगर आप हाल ही में गाड़ी को खराब रास्ते पर चलाते रहे हैं तो यह समस्या जल्दी आ सकती है.

अन्य महत्वपूर्ण कारण जो लाइट जला सकते हैं

ABS फ्यूज का उड़ना भी एक आम वजह है. इसके अलावा ABS कंट्रोल मॉड्यूल में खराबी, टोन रिंग (रिंग जो सेंसर के साथ घूमती है) का टूटना या घिसना, ब्रेक फ्लूइड का स्तर कम होना और हाइड्रोलिक पंप की समस्या भी लाइट जलाने का कारण बन सकती है. ये सभी दिक्कतें सिस्टम को सही संकेत नहीं पहुंचने देतीं. कभी-कभी वायरिंग में ढीलापन या कटाव भी समस्या पैदा कर सकता है.

लाइट जलने पर क्या करें?

जब गाड़ी स्टार्ट करते हैं तो ABS लाइट कुछ सेकंड के लिए जलकर बंद हो जाना सामान्य है. लेकिन अगर यह लगातार जल रही हो तो तुरंत गाड़ी को ज्यादा तेज न चलाएं. निकटतम अधिकृत सर्विस सेंटर में जाकर डायग्नोस्टिक चेक करवाएं. खुद से कुछ न छेड़ें क्योंकि ABS सिस्टम काफी संवेदनशील होता है. समय पर ध्यान न देने से ब्रेकिंग क्षमता प्रभावित हो सकती है.

ABS लाइट को नजरअंदाज करने का खतरा

ABS काम न करने पर खासकर बारिश या सर्दियों में ब्रेक लगाते समय गाड़ी स्किड कर सकती है. इससे कंट्रोल छूटने और दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है. इसलिए लाइट जलते ही इसे गंभीरता से लें. नियमित सर्विसिंग और ब्रेक फ्लूइड चेक करवाते रहने से कई समस्याएं पहले ही टल सकती हैं.