menu-icon
India Daily

तपती गर्मी में बाइक राइडिंग बन न जाए रिस्की, इन स्मार्ट टिप्स से रखें खुद को पूरी तरह सुरक्षित

चिलचिलाती गर्मी में बाइक चलाना डिहाइड्रेशन, हीटस्ट्रोक और सड़क के बहुत ज्यादा तापमान की वजह से रिस्की हो सकता है। एक्सपर्ट्स राइडर्स को सलाह देते हैं कि हाइड्रेटेड रहें.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
तपती गर्मी में बाइक राइडिंग बन न जाए रिस्की, इन स्मार्ट टिप्स से रखें खुद को पूरी तरह सुरक्षित
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देशभर में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. दिल्ली समेत कई शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने 43 से 45 डिग्री तक तापमान की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कार की तुलना में दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों के लिए यह मौसम खासतौर पर मुश्किल भरा होता है.

सीधी धूप, गर्म हवाएं और तपती सड़कें राइडर के लिए थकान, डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ा देती हैं. लेकिन कुछ सावधानियां बरतकर आप इस मौसम में भी सुरक्षित और आरामदायक सफर कर सकते हैं.

सही समय चुनकर बचाएं खुद को

गर्मी से बचने का सबसे आसान और असरदार तरीका है यात्रा का समय सही चुनना. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सूरज की तपिश चरम पर होती है. इस दौरान अगर संभव हो तो बाइक से बाहर निकलने से बचें. सुबह जल्दी या शाम को सूरज ढलने के बाद सफर करना ज्यादा बेहतर रहता है. उस समय हवा भी थोड़ी ठंडी महसूस होती है और सड़क की गर्मी भी कम हो जाती है. व्यस्त लोगों को अपनी दिनचर्या में थोड़ा बदलाव करके भी इस नियम का पालन करना चाहिए.

हाइड्रेशन को कभी नजरअंदाज न करें

सफर के दौरान प्यास लगने का इंतजार बिल्कुल न करें. कई बार राइडर्स सोचते हैं कि मंजिल पहुंचकर पानी पी लेंगे, लेकिन तब तक शरीर में पानी की कमी हो चुकी होती है. इससे चक्कर आना, थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. हमेशा अपने साथ पानी की बोतल रखें और हर 30-40 मिनट में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें. नींबू पानी, नारियल पानी या ओआरएस घोल पीना और भी फायदेमंद होता है. डिहाइड्रेशन से बचना गर्मी में बाइक चलाने का सबसे जरूरी नियम है.

सही गियर और कपड़ों का चुनाव करें

भारी और गहरे रंग के कपड़े गर्मी को और बढ़ा देते हैं. इसलिए हल्के, वेंटिलेटेड राइडिंग जैकेट पहनें जो हवा पास होने दें. हल्के रंग का हेलमेट और गर्दन को ढकने के लिए पतला स्कार्फ भी मदद करता है. अच्छा गियर न सिर्फ गर्मी से बचाता है बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा भी प्रदान करता है. सही कपड़ों का चुनाव करके आप लंबे सफर को भी थकान के बिना पूरा कर सकते हैं.

दिक्कत महसूस हो तो तुरंत ब्रेक लें

अगर बाइक चलाते समय सिरदर्द, चक्कर आना, ज्यादा पसीना या अचानक कमजोरी जैसा कोई लक्षण दिखे तो उसे कभी नजरअंदाज न करें. तुरंत सुरक्षित जगह पर बाइक रोकें, छायादार स्थान पर बैठकर आराम करें और पानी पिएं. थोड़ी देर रुकने के बाद जब शरीर सामान्य महसूस हो तब ही आगे बढ़ें. गर्मी में तेज रफ्तार से ज्यादा जरूरी है समझदारी से चलना. छोटे-छोटे ब्रेक लेकर आप खुद को और दूसरों को भी सुरक्षित रख सकते हैं.