नई दिल्ली: तिजोरी को वास्तु शास्त्र में घर की सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि तिजोरी सही दिशा में रखी जाए तो घर में धन का प्रवाह बना रहता है, बरकत आती है और फिजूल खर्चों में कमी होती है. वहीं गलत दिशा में रखी तिजोरी आर्थिक परेशानियों और कर्ज का कारण बन सकती है. ऐसे में तिजोरी रखने के वास्तु नियमों का पालन करना बेहद जरूरी माना जाता है.
वास्तु के अनुसार तिजोरी रखने के लिए घर का दक्षिण-पश्चिम कोना यानी नैऋत्य कोण सबसे शुभ माना जाता है. जिसके वजह से इस दिशा को स्थिरता और मजबूती का प्रतीक माना जाता है. तिजोरी को इस तरह रखना चाहिए कि उसका पिछला हिस्सा दक्षिण या पश्चिम दीवार से सटा हो. इससे धन स्थिर बना रहता है.
तिजोरी का दरवाजा हमेशा उत्तर या पूर्व दिशा की ओर खुलना चाहिए. धन के देवता कुबेर की दिशा उत्तर दिशा को माना जाता है. मान्यता है कि इस दिशा में खुलने वाली तिजोरी घर में आर्थिक समृद्धि लाती है और धन वृद्धि के योग बनाती है.
वास्तु शास्त्र के मुताबिक कुछ दिशाओं में तिजोरी रखना अशुभ माना गया है. तिजोरी का मुंह कभी भी दक्षिण दिशा की ओर नहीं खुलना चाहिए क्योंकि इसे यम की दिशा माना जाता है. इससे धन हानि और आर्थिक संकट बढ़ सकते हैं. इसके अलावा उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में भारी तिजोरी रखने से भी बचना चाहिए.
यह दिशा हल्की और साफ-सुथरी मानी जाती है. दक्षिण-पूर्व यानी अग्नि कोण में तिजोरी रखने से फिजूल खर्च और कर्ज बढ़ने की संभावना बताई गई है.
तिजोरी से जुड़े कुछ खास वास्तु उपाय भी बताए गए हैं. तिजोरी को सीधे जमीन पर रखने की बजाय उसके नीचे लकड़ी का पाटा, कपड़ा या स्टैंड रखना शुभ माना जाता है. तिजोरी के अंदर उत्तर दिशा की ओर छोटा आईना लगाने की भी सलाह दी जाती है ताकि उसमें रखे पैसे और गहनों का प्रतिबिंब दिखाई दे.
इसके अलावा तिजोरी के आसपास गंदगी, जूते-चप्पल या गंदे कपड़े नहीं रखने चाहिए. तिजोरी को कभी पूरी तरह खाली भी नहीं रखना चाहिए. उसमें कुछ सिक्के, चांदी का सिक्का या भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की तस्वीर रखना शुभ माना जाता है. साथ ही तिजोरी को सीढ़ियों के नीचे, टॉयलेट की दीवार के पास या बीम के नीचे रखने से भी बचना चाहिए.