menu-icon
India Daily

Chhath Puja 2026 Day 2: छठ पर आज खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का कठिन व्रत, जानें सूर्य को अर्घ्य देने का समय

छठ महापर्व का आज दूसरा दिन है. पूरे दिन उपवास रखने के बाद व्रती शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Chhath Puja 2026 Day 2: छठ पर आज खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का कठिन व्रत, जानें सूर्य को अर्घ्य देने का समय
Courtesy: Gemini

Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ अब अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है. चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दूसरे दिन आज शनिवार को खरना पूजा की जाएगी. नहाय-खाय के साथ शुक्रवार को पर्व की शुरुआत हुई थी. पहले दिन व्रतियों ने गंगा सहित अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान किया और अरवा चावल, चना दाल, लौकी की सब्जी तथा आंवले की चटनी का प्रसाद ग्रहण किया. इसके बाद से ही घरों में छठी मैया की आराधना और तैयारियों का सिलसिला जारी है.

शाम को इस समय होगी खरना की पूजा

कार्तिक शुक्ल पंचमी पर पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और रवि योग में खरना की पूजा होगी. इसके लिए शाम 5 बजकर 22 मिनट से रात 7 बजकर 46 मिनट तक का समय बताया गया है. व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करेंगे. पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करने के साथ निर्जला व्रत का संकल्प लिया जाएगा.

मिट्टी के चूल्हे पर तैयार होगा खास प्रसाद

खरना के दिन प्रसाद बनाने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है. व्रती मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़, दूध और अरवा चावल से खीर तैयार करती हैं. इसके साथ रोटी बनाई जाती है. भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं. इस दौरान घरों में साफ-सफाई और पूजा की पवित्रता का खास ख्याल रखा जाता है. खरना केवल एक पूजा नहीं, बल्कि छठ की कठिन साधना की शुरुआत का अहम पड़ाव है. इस दिन ग्रहण किया जाने वाला प्रसाद व्रतियों का अंतिम सात्विक भोजन माना जाता है. इसके बाद करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखा जाता है. 

ठेकुआ से गन्ने तक, इन चीजों का है महत्व

छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली हर सामग्री का अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है. पूजा के लिए बांस की टोकरी और सूप, नारियल, शकरकंद, पत्तियों सहित गन्ना, अदरक, हल्दी, पान, सुपारी, कपूर, सिंदूर, चावल, दीपक, घी और गंगाजल जुटाए जाते हैं. महापर्व का प्रमुख प्रसाद ठेकुआ है, जिसे गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार किया जाता है.

नोट कर लें खरना और सूर्य अर्घ्य का समय

छठ महापर्व के दौरान पूजा और अर्घ्य के लिए बताए गए समय इस प्रकार हैं;

  • खरना पूजा: शाम 5:22 बजे से रात 7:46 बजे तक
  • डूबते सूर्य को अर्घ्य: रविवार शाम 5:24 बजे तक
  • उगते सूर्य को अर्घ्य: सोमवार सुबह 6:07 बजे के बाद

लोकगीतों से गूंजेंगे घर-आंगन

खरना की शाम घरों में छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देगी. प्रसाद तैयार करते समय परिवार के सदस्य भी व्रतियों के साथ पूजा की तैयारियों में जुटेंगे. इन गीतों में सूर्यदेव की महिमा, छठी मैया के प्रति आस्था और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना झलकती है. खरना के बाद रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे. सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.