नई दिल्लीः भवानीपुर विधानसभा सीट से हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने मीडिया से फोन पर बात करते हुए कहा कि मतगणना स्थल पर गुंडे घुस आए और उन्होंने जबरन हमारे काउंटिंग एजेंट्स को बाहर कर दिया. धक्का- मुक्की की और अधिकारियों को भी धमकाया. ममता का आरोप है कि मतगणना में लगे चुनाव आयोग के अधिकारी, सीआरपीएफ और यहां तक कि स्थानीय अधिकारी भी दिल्ली से हैंडल किए जा रहे थे.
ममता बनर्जी का कहना है कि मतगणना के दौरान 16वें राउंड तक वह बढ़त बनाए हुए थीं लेकिन आखिरी राउंड में ऐसा क्या हो गया कि बाजी एकदम उलट गई और सारे हालात पलट गए. उन्होंने नतीजे “चोरी” किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास इस आरोप के पूरे सबूत हैं. सबूतों के आधार पर वह नतीजे को चेलेंज करने की तैयारी कर रही हैं.
बता दें कि सोमवार को भवानीपुर विधानसभा सीट की मतगणना के दौरान ममता बनर्जी बीजेपी के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से 17000 वोटों से लीड कर रही थीं. उसके बाद उनकी लीड घटती चली गई और आखिरकार सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हरा दिया.
चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि ईवीएम मशीनें स्ट्रॉग रूम में ले जाते समय जरूरी पारदर्शिता नहीं बरती गई. उन्होंने ईवीएम सीलिंग पर भी सवालिया निशान लगाए और कहा- “अनैतिक और गंदा खेल” किया गया, मेरे पास सभी सबूत आ गए हैं. उन्होंने कहा कि भवानीपुर में केवल हमारी हार नहीं हुई, बल्कि ये लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है.
भवानीपुर सीट पर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की हार बीजेपी के लिए बड़ी मनोवैज्ञानिक और राजनीतिक बढ़त साबित हुई है. इस सीट पर बीजेपी को मिली जीत ने राज्य की नई दिशा तय कर दी है.