menu-icon
India Daily

‘वोट नहीं दिया तो घर जलाएंगे’, फलता में TMC पर धमकी का आरोप; लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के फलता में चुनाव के बाद भारी बवाल मचा हुआ है। स्थानीय लोग  टीएमसी पर हिंसा और आगजनी की धमकी देने का आरोप लगा रहे हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
‘वोट नहीं दिया तो घर जलाएंगे’, फलता में TMC पर धमकी का आरोप; लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
Courtesy: X

दक्षिण चौबीस परगना जिले के फलता में शनिवार को अचानक तनाव फैल गया. चार मई की मतगणना से पहले स्थानीय निवासियों ने सड़कों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हें डरा-धमका रहे हैं. हालात बिगड़ने से रोकने के लिए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला. इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई.

महिलाओं को मिली खुलेआम धमकी

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है. एक महिला ने टीएमसी नेता इसराफिल पर आरोप लगाया. महिला का कहना है कि नेता ने उसे खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि अगर पार्टी जीती, तो वह घरों को जला देंगे और खून-खराबा करेंगे. वहां मौजूद एक और महिला ने कहा कि टीएमसी को वोट देने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है. महिलाओं ने दोषियों की गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा की तुरंत सख्त मांग की है.

गांव में गुंडों के साथ मचा रहे आतंक

ग्रामीणों का दावा है कि टीएमसी का एक नेता मोटरसाइकिलों पर होकर गुंडों के साथ गांव में आतंक मचा रहा है. इस भारी दहशत के कारण प्रदर्शनकारी फलता में दोबारा मतदान और सीएपीएफ की तैनाती की लगातार मांग कर रहे हैं. प्रशासन ने इलाके में सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को तुरंत तैनात किया है.

पंद्रह बूथों पर दोबारा मतदान

फलता में विरोध के बीच आयोग के निर्देशों पर मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के पंद्रह मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग जारी है. मतदान के दूसरे चरण की गड़बड़ियों के बाद यह फैसला लिया गया था. आयोग के दोपहर एक बजे तक के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मगराहाट पश्चिम में 56.33 फीसदी और डायमंड हार्बर में 54.9 फीसदी लोगों ने वोट डाला. इस दौरान कुल 55.57 प्रतिशत भारी मतदान हुआ.