menu-icon
India Daily

कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन! चुनाव से पहले सोना पप्पू के घर पर मारा छापा, फ्लैट घोटाले का आरोप

कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दक्षिण कोलकाता के बालीगंज में रियल एस्टेट डेवलपर सोना पप्पू के घर और ठिकानों पर छापेमारी की. फ्लैट देने के नाम पर लोगों से पैसे जमा करने और हेराफेरी के आरोप में यह कार्रवाई हुई. चुनाव से पहले ED की यह बड़ी छापेमारी चर्चा में है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन! चुनाव से पहले सोना पप्पू के घर पर मारा छापा, फ्लैट घोटाले का आरोप
Courtesy: pintrest

कोलकाता में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा ऐक्शन लिया. केंद्रीय जांच एजेंसी ने दक्षिण कोलकाता के बालीगंज इलाके में रियल एस्टेट डेवलपर सोना पप्पू के आवास और जुड़ी कंपनियों पर छापेमारी की. तड़के शुरू हुई यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और हेराफेरी के आरोपों पर आधारित बताई जा रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोना पप्पू पर आरोप है कि उन्होंने फ्लैट बुकिंग के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये जमा कराए, लेकिन न तो फ्लैट दिए और न ही पैसे वापस किए. ED की टीम कंपनी के दस्तावेजों, बैंक खातों और प्रोजेक्ट्स की गहन जांच कर रही है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन छापेमारी जारी है.

ED की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय की टीम बुधवार तड़के बालीगंज पहुंची और सोना पप्पू के घर पर दबिश दी. साथ ही उनकी रियल एस्टेट कंपनी के ऑफिस और अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है. जांच अधिकारियों ने कंपनी के सभी कागजात, लेन-देन के रिकॉर्ड और ग्राहकों से संबंधित फाइलें जब्त की हैं. सूत्रों के अनुसार, ED को शिकायत मिली थी कि पप्पू ने कई प्रोजेक्ट्स में लोगों से पैसे लिए लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया. यह कार्रवाई चुनावी मौसम में होने से भी चर्चा का विषय बन गई है.

फ्लैट घोटाले के आरोप

सोना पप्पू पर मुख्य आरोप फ्लैट देने के नाम पर हेराफेरी का है. कई ग्राहकों ने शिकायत की है कि उन्होंने बुकिंग के लिए मोटी रकम जमा की, लेकिन न तो फ्लैट मिला और न ही पैसा वापस किया गया. ED की जांच में कंपनी के खातों में अनियमित लेन-देन के सबूत मिले हैं. पैसे को निजी उपयोग में लगाने के भी आरोप लग रहे हैं. ग्राहक लंबे समय से परेशान थे और कई बार कंपनी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला. अब ED इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

पप्पू पर हिंसा के पुराने आरोप

सोना पप्पू का नाम पहले भी विवादों में रहा है. फरवरी महीने में कोलकाता के कंकुलिया रोड पर हुई हिंसा की घटना में उनका नाम सामने आया था. स्थानीय लोगों का आरोप था कि पप्पू के गिरोह ने गोलीबारी और बम फेंककर इलाके में दहशत फैलाई. पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया था. अब ED की छापेमारी के साथ पुराने आरोप भी फिर चर्चा में आ गए हैं. जांच एजेंसी इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है.