पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं. ऐसे में आसनसोल के काली पहाड़ी इलाके में एक प्राचीन हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ की घटना ने सियासी माहौल गरमा दिया है. मंदिर में हनुमान जी की मूर्ति, शिवलिंग और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाई गई. इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया. बीजेपी ने इसे धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश बताया और राज्य सरकार पर सवाल उठाए.
मंगलवार को कुछ असामाजिक तत्व आसनसोल के काली पहाड़ी इलाके में स्थित हनुमान मंदिर में घुस गए. उन्होंने वहां हनुमान जी की मूर्ति समेत शिवलिंग, ब्रह्मा, विष्णु और अन्य देवताओं की प्रतिमाओं के साथ तोड़फोड़ शुरू कर दी. घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोग सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे.
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल अन्य नेताओं के साथ मौके पर पहुंचीं. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. बीजेपी नेताओं ने कहा कि नंदीग्राम और हुगली के बाद अब आसनसोल में हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया है. उन्होंने इसे चुनाव से पहले की साजिश बताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मंदिर और आसपास के इलाके में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि केवल जांच का भरोसा देने से काम नहीं चलेगा. दोषियों की पहचान कर उनकी तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए. बीजेपी ने पूरे मामले को लेकर सरकार पर हमला बोल दिया है.
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आसनसोल दक्षिण थाने के सामने धरना शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने जीटी रोड पर टायर जलाकर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. आसनसोल की इस व्यस्त सड़क के जाम होने से शहर की यातायात व्यवस्था ठप हो गई. आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बीजेपी समर्थक दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरने पर बैठे रहे.
हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है. थाने के सामने बीजेपी के धरने के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अग्निमित्रा पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है.