महाराष्ट्र के वसई से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. यहां एक ATM मशीन की तकनीकी गड़बड़ी की वजह से लोगों को मांगी गई रकम से कई गुना ज्यादा पैसे मिलने का दावा किया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ATM के बाहर लोगों की भीड़ लग गई. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक ATM मशीन से पैसे निकालने की कोशिश करता है. दावा किया जा रहा है कि युवक ने केवल 100 रुपये विड्रॉल के लिए डाले थे लेकिन मशीन से 500 रुपये निकल आए. यह देखकर युवक खुद भी हैरान रह गया.
इंटरनेट पर वायरल हो रहे दूसरे वीडियो में मामला और भी चौंकाने वाला नजर आया. वीडियो में बताया गया कि युवक ने ATM से 400 रुपये निकालने की रिक्वेस्ट की लेकिन मशीन ने सीधे 2000 रुपये बाहर निकाल दिए. इस घटना के बाद आसपास के लोगों में चर्चा तेज हो गई. जैसे ही लोगों को इस गड़बड़ी की जानकारी मिली वैसे ही ATM के बाहर भीड़ जमा होने लगी. कई लोग इस तकनीकी खराबी को अपनी आंखों से देखने पहुंचे. कुछ लोग मजाक में इसे चमत्कारी मशीन कहने लगे तो कुछ लोगों ने इसे बैंकिंग सिस्टम की बड़ी लापरवाही बताया.
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर यूजर्स लगातार अपना रिएक्शन साझा कर रहे हैं. कुछ लोग इसे मजेदार घटना बता रहे हैं जबकि कई यूजर्स बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि देश में पैसे की कोई कमी नहीं है. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि ऐसी मशीन हर शहर में लग जानी चाहिए. कुछ लोगों ने इसे तकनीकी खराबी मानते हुए तुरंत जांच की मांग भी की. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है और लोग लगातार इसे शेयर कर रहे हैं.
मामले के वायरल होते ही प्रशासन और पुलिस भी हरकत में आ गए. जानकारी के मुताबिक अधिकारियों ने तुरंत ATM मशीन की जांच शुरू कर दी और एहतियात के तौर पर मशीन से सभी लेनदेन रोक दिए गए.