menu-icon
India Daily

राजस्थान में दो सगी बहनों के साथ खौफनाक यौन शोषण, दोनों ने की आत्महत्या

जोधपुर जिले के खेरापा इलाके में दो सगी बहनों के साथ चार साल तक चलने वाले गैंगरेप, ब्लैकमेल और यौन शोषण की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. लंबे समय तक शोषण झेलने के बाद बड़ी बहन ने 20 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली.

antima
Edited By: Antima Pal
राजस्थान में दो सगी बहनों के साथ खौफनाक यौन शोषण, दोनों ने की आत्महत्या
Courtesy: grok

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले के खेरापा इलाके में दो सगी बहनों के साथ चार साल तक चलने वाले गैंगरेप, ब्लैकमेल और यौन शोषण की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. लंबे समय तक शोषण झेलने के बाद बड़ी बहन ने 20 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली. उसके दो महीने बाद 15 मई को छोटी बहन ने भी अपनी जान दे दी. दोनों बहनों की मौत से पूरा इलाका सदमे में है.

दो सगी बहनों के साथ खौफनाक यौन शोषण

परिवार के अनुसार मुख्य आरोपी महिपाल ने बड़ी बहन को प्यार का जाल बिछाकर फंसाया. वह इलाके में ई-मित्र सर्विस केंद्र चलाता है. महिपाल ने चुपके से बड़ी बहन के निजी वीडियो बना लिए और फिर ब्लैकमेल शुरू कर दिया. वह पैसे ऐंठता रहा और उसके 7-8 साथियों के साथ मिलकर चार साल तक उसका गैंगरेप करता रहा. लगातार शोषण और धमकियों से परेशान बड़ी बहन अंत में सुसाइड कर बैठी.

छोटी बहन ने भी 15 मई को की आत्महत्या

बड़ी बहन की मौत के बाद आरोपियों ने नजर छोटी बहन पर डाल दी. छोटी बहन ने 11 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उसने बताया कि महिपाल और उसके साथी अब उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं. उन्होंने धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया तो बड़ी बहन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे. छोटी बहन ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. परेशान और डरी हुई छोटी बहन ने भी 15 मई को आत्महत्या कर ली. दोनों बहनों की मौत महज दो महीने के अंदर होने से परिवार और इलाके में कोहराम मच गया है. 

दो आरोपियों को हिरासत में लिया

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अब कार्रवाई शुरू की है. दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों से पूछताछ चल रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी. यह मामला पुलिस की निष्क्रियता के आरोपों को भी सामने लाया है. लोगों का कहना है कि अगर समय पर शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो शायद दोनों बहनों की जान बचाई जा सकती थी. सोशल मीडिया पर भी इस घटना की तीखी निंदा हो रही है.