प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबियत एक बार फिर बिगड़ गई है, जिसके चलते उनकी पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है, इतना ही नहीं भक्त अभी उनके दर्शन भी नहीं कर सकेंगे. देश और विदेश से वृंदावन पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को इस खबर ने मायूस कर दिया है. श्रद्धालु जल्द ही उनके स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. बता दें कि प्रेमानंद महाराज किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं. बता दें कि संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए रोजाना करीब 20 हजार श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं और उनके पदयात्रा मार्ग पर दर्शन लाभ पाते हैं.
रविवार रात में भारी संख्या में श्रद्धालु संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा में शामिल होने के लिए वृदावन पहुंच गए थे, सोमवार तड़के तीन बजे संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा का शुरू होनी थी, लेकिन स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर नहीं निकल पाए. बता दें कि रोजाना प्रातः 3 बजे वे पदयात्रा पर निकलते हैं, वह केली कुंज आश्रम से निकलकर डेढ़ किमी दूर सौभरी वन जाते हैं, इस दौरान सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में श्रद्धालुओं उनके दर्शनों के लिए जमा हो जाते हैं, लेकिन आज उनके स्थान पर उनके शिष्य पहुंचे और श्रद्धालुओं को महाराज का स्वास्थ्य सही न होने की जानकारी दी. यह जानकारी पाकर श्रद्धालु मायूस हो गए.
केली कुंज आश्रम की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक संत प्रेमानंद महाराज पिछले 21 वर्षों से किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं. सोमवार को अचानक एक बार फिर समस्या बढ़ने पर डाक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है. आश्रम की ओर से श्रद्धालुओं से सड़क किनारे भीड़ न लगाने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है. मायूस श्रद्धालुओं ने यह खबर सुनने के बाद बुझे मन से वृंदावन से लौटना शुरू कर दिया, हालांकि काफी संख्या में श्रद्धालु ऐसे भी हैं जो वृंदावन में ही रुककर महाराज को स्वास्थ्य लाभ होने की कामना कर रहे हैं और इसके लिए प्रार्थना भी कर रहे हैं.