menu-icon
India Daily

जालंधर: बच्चे को बचाने के लिए मां बनी शेरनी, लुटेरों से अकेले भिड़ गई महिला; जानें पूरा मामला

जालंधर में प्रिय देवी नाम की महिला ने अपने बच्चे को बचाने के लिए दो नकाबपोश स्नैचरों से बहादुरी से मुकाबला किया. बदमाशों ने मोबाइल और बच्चे को छीनने की कोशिश की और तेजधार हथियार से हमला भी किया. चलिए जानते हैं पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जालंधर: बच्चे को बचाने के लिए मां बनी शेरनी, लुटेरों से अकेले भिड़ गई महिला; जानें पूरा मामला
Courtesy: @rishuraj_chd x account

जालंधर: पंजाब के जालंधर में एक महिला की बहादुरी से स्नैचिंग की बड़ी वारदात नाकाम हो गई. घटना जालंधर के वार्ड नंबर 84 स्थित बाबा दादा मल इलाके की है, जो मकसूदान पुलिस थाना से करीब 600 मीटर दूरी पर स्थित है. यहां प्रिय देवी नाम की महिला ने अपने बच्चे को बचाने के लिए दो नकाबपोश लुटेरों का डटकर सामना किया.

पीड़िता प्रिय देवी ने बताया कि वह एक दुकान पर काम खत्म करने के बाद अपने बच्चे के साथ घर लौट रही थीं. रात के समय जब वह इलाके से गुजर रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे. आरोपियों ने पहले महिला को रोकने की कोशिश की और फिर उनका मोबाइल फोन छीनने लगे. महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके बच्चे को भी छीनने की कोशिश की.

कैसे बचाई जान?

अपने बच्चे को खतरे में देख प्रिय देवी ने हिम्मत दिखाई और दोनों लुटेरों से भिड़ गईं. इस दौरान आरोपियों ने तेजधार हथियार से महिला पर हमला कर दिया. हमले में महिला घायल हो गई लेकिन उसने अपने बच्चे को बदमाशों के हाथों जाने नहीं दिया. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.

घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में स्नैचिंग और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही थाना-1 के प्रभारी राकेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. महिला की बहादुरी की इलाके में काफी चर्चा हो रही है. लोगों का कहना है कि अगर प्रिय देवी हिम्मत नहीं दिखातीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है.