menu-icon
India Daily

'तुम्हारी पत्नी बताएगी कि कैसे किया...', रेप पीड़िता के पति से दरोगा की बदतमीजी वाला ऑडियो वायरल, अब हुआ सस्पेंड

Inspector Vulgar Audio Viral: उत्तर प्रदेश के झांसी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ हुए रेप की वारदात के बारे में पुलिस से शिकायत की. पूछताछ के लिए जब जांच अधिकारी ने पीड़िता के पति को फोन किया, तो एक के बाद एक कई अश्लील सवाल पूछ डाले. दरोगा की इस हरकत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

India Daily Live
'तुम्हारी पत्नी बताएगी कि कैसे किया...', रेप पीड़िता के पति से दरोगा की बदतमीजी वाला ऑडियो वायरल, अब हुआ सस्पेंड
Courtesy: Social Media

Inspector Vulgar Audio Viral: झांसी के सकरार थाने के दरोगा का बदतमीजी वाला ऑडियो वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि ऑडियो में दरोगा रेप पीड़िता के पति से अनाप-शनाप सवाल पूछ रहा है. दरोगा को वायरल ऑडियो में पीड़िता के पति से सवाल पूछते हुए सुना जा सकता है कि रेप कैसे हुआ, तुम्हारी पत्नी बताएगी कि कैसे... इस पूरी बातचीत के दौरान पीड़िता का पति शर्म की वजह से कुछ जवाब भी नहीं दे पाता. आखिर में दरोगा मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस से करने की बात कहता है और फिर फोन काट देता है.

बदतमीजी करने वाले दरोगा की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है. रेप पीड़िता के पिता से बातचीत वाले ऑडियो के बारे में जानकारी के बाद एसएसपी राजेश एस ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी. 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, सकरार थाना क्षेत्र के रहने वाले एक शख्स ने शिकायत कराई कि जॉब का लालच देकर उसे और उसकी पत्नी को दिल्ली ले जाया गया. यहां ठेकेदार दीनदयाल अहरिवार ने अप्रैल से जून 2024 तक कई बार शख्स की पत्नी के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान उसने फोटो और वीडियो भी बना लिया और पीड़िता को धमकी दी कि अगर तुमने इस बारे में किसी को बताया, तो फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा.

बताया जा रहा है कि दिल्ली में काम करने के कुछ दिन बाद दंपत्ति वापस झांसी आ गया. झांसी आने के बाद आरोपी ठेकेदार ने पीड़िता के पति के मोबाइल पर सभी फोटोज और वीडियो भेज दिए. फिर पीड़िता का पति उसे लेकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले की जांच दरोगा दिग्विजय सिंह को सौंप दी गई. इसी सिलसिले में आरोपी दरोगा ने 25 जुलाई की रात को पूछताछ के लिए पीड़िता के पति को फोन किया था. पूछताछ के दौरान उसने पीड़िता के पति से एक के बाद एक कई अश्लील सवाल पूछ डाले.