menu-icon
India Daily

‘नाइटमेयर’ बना बेंगलुरु में घर ढूंढना! 2BHK घर की तलाश में लोग परेशान; किराया सुन पकड़ लिया माथा

बेंगलुरु में बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों और किराए ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. एक निवासी ने 2BHK घर की तलाश को दुःस्वप्न बताया है, जहां किराया 70 हजार रुपये तक पहुंच गया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
‘नाइटमेयर’ बना बेंगलुरु में घर ढूंढना! 2BHK घर की तलाश में लोग परेशान; किराया सुन पकड़ लिया माथा
Courtesy: Social Media

बेंगलुरु में घर ढूंढना अब आम लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. तेजी से बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों और किराए ने शहर में रहने वाले लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. हाल ही में एक निवासी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपनी परेशानी साझा करते हुए इसे एक दुःस्वप्न तक बता दिया.

निवासी के अनुसार, बेंगलुरु में 2BHK फ्लैट का किराया अब 70 हजार रुपये या उससे भी ज्यादा हो चुका है. उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों में किराए में इतनी तेजी से बढ़ोतरी हुई है कि अब किराए पर रहना भी आसान विकल्प नहीं रहा. जो घर पहले किफायती लगते थे, अब वही आम लोगों की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं.

प्रॉपर्टी की कीमतों में जबरदस्त उछाल

सिर्फ किराया ही नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी की कीमतों में भी भारी उछाल देखा गया है. निवासी ने बताया कि जिस फ्लैट की कीमत पहले 1.4 करोड़ रुपये थी, वह अब बढ़कर करीब 2 करोड़ रुपये हो गई है. यह फ्लैट कई कमियों के बावजूद महंगा हो गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि यह आईटी कंपनियों और आउटर रिंग रोड के पास स्थित है.

Bangalore Rent Crisis -India Daily
Bangalore Rent Crisis -India Daily X

लोकेशन बना सबसे बड़ा फैक्टर

बेंगलुरु में लोकेशन अब सबसे बड़ा फैक्टर बन गया है. Outer Ring Road Bengaluru और आसपास के आईटी हब के करीब होने की वजह से प्रॉपर्टी की मांग तेजी से बढ़ रही है. लोग ऑफिस के पास रहने के लिए ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार हैं, जिससे बाजार और महंगा होता जा रहा है. चौंकाने वाली बात यह है कि इतनी ऊंची कीमत देने के बावजूद कई जगहों पर बुनियादी सुविधाएं भी पूरी नहीं हैं. निवासी के मुताबिक, कई सोसाइटी टैंकर के पानी पर निर्भर हैं और सड़कों की हालत भी खराब है. इसके बावजूद प्रॉपर्टी की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं.

जो लोग घर खरीदने की योजना बना रहे थे, उनके लिए भी यह स्थिति आसान नहीं है. निवासी ने बताया कि उन्होंने 3 से 4 साल में घर खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी के कारण अब यह सपना दूर होता जा रहा है. कुछ जगहों पर 2BHK फ्लैट की कीमत 2.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.